नई दिल्ली: हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार ने खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया है। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित अपनी कोठी पर आत्महत्या की। घटना की जानकारी मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अभी सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
छुट्टी पर थे IPS
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कहा, “वाई पूरन कुमार ने आत्महत्या कर ली है। अभी और कुछ नहीं कहा जा सकता। आत्महत्या के कारणों की जाँच की जा रही है।” बता दें कि वाई पूरन कुमार हरियाणा पुलिस में 2001 बैच के अधिकारी थे। 29 सितंबर को उन्हें रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) में आईजी के पद पर तैनात किया गया था। बताया जा रहा है कि वे 7 अक्टूबर तक छुट्टी पर थे। हालाँकि, हरियाणा पुलिस ने उनकी छुट्टी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पत्नी भी आईएएस
वाई. पूरन कुमार की पत्नी, अमनीत पी. कुमार, हरियाणा सरकार में एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। अमनीत पी. कुमार, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ 5 अक्टूबर को जापान गए राज्य सरकार के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं। यह प्रतिनिधिमंडल 8 अक्टूबर की शाम को भारत लौटेगा।
इसको भी पढ़ें: एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर घमासान, चिराग और मांझी की मांग बनी अड़चन
ट्रांसफर-पोस्टिंग पर उठाए थे सवाल
पिछले साल, हरियाणा के आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार ने 1991, 1996, 1997 और 2005 बैच के कुछ आईपीएस अधिकारियों की पदोन्नति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि ये पदोन्नतियां अनुचित तरीके से की गई हैं। वित्त विभाग ने गृह मंत्रालय के नियमों की अनदेखी करते हुए, अपनी मर्ज़ी से ये पदोन्नतियां कीं।



