नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा भाजपा और चुनाव आयोग पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने तीखा पलटवार किया है। राहुल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा और बिहार में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की गई है और “ऑपरेशन सरकार चोरी” चलाया जा रहा है। इस पर रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी का पूरा प्रेजेंटेशन फर्जी है और वे देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम कर रहे हैं।
Press conference by Union Minister Shri @KirenRijiju at BJP headquarters in New Delhi. https://t.co/hk1Beq5x4P
— BJP (@BJP4India) November 5, 2025
राहुल गांधी के आरोप मनगढ़ंत
रिजिजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘राहुल गांधी जो दिखा रहे हैं, वह पूरी तरह से मनगढ़ंत है। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में कुछ विदेशी महिलाओं के नाम दिखाए हैं, जो गलत हैं। वे संसद सत्र के दौरान विदेश चले जाते हैं, थाईलैंड, कंबोडिया घूमते हैं और वहीं से प्रेरणा लेकर लौटते हैं। उन्हें विदेशों से जो आइडिया मिलता है, उसी आधार पर वे देश का समय बर्बाद करते हैं।
जानबूझकर ध्यान भटकाने की कोशिश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा ने भी कई चुनाव हारे हैं, लेकिन कभी लोकतांत्रिक संस्थाओं को गाली नहीं दी। उन्होंने कहा हमने हार को भी स्वीकार किया, लेकिन कभी रोना-धोना नहीं किया। राहुल गांधी और उनकी पार्टी हमेशा चुनाव आयोग की साख पर सवाल उठाते हैं। बिहार में कल मतदान होना है, और वे जानबूझकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल कहते हैं कि ‘एटम बम फटने वाला है’, लेकिन उनका एटम बम कभी फटता क्यों नहीं?
SIR से लोग खुश लेकिन रो रहे राहुल
रिजिजू ने हरियाणा और बिहार के संदर्भ में कहा कि SIR प्रक्रिया देश के सभी हिस्सों में चल रही है, ताकि वोटर लिस्ट से फर्जी नाम हटाए जा सकें। उन्होंने कहा, “SIR से लोग खुश हैं, लेकिन राहुल रो रहे हैं। जहां SIR हुआ, वहां लोगों ने संतोष जताया है। बिहार में लोग कह रहे हैं कि जहां राहुल जाते हैं, वहां बात बिगड़ जाती है।
राहुल को न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं
उन्होंने कहा कि हर बूथ पर पोलिंग एजेंट मौजूद रहते हैं जो चेक करते हैं कि कौन वोट डाल चुका है और कौन नहीं। अगर किसी को वोटिंग प्रक्रिया पर शक है, तो वे अदालत या चुनाव आयोग में शिकायत कर सकते हैं। लेकिन राहुल गांधी ऐसा नहीं करते। उन्हें भारत की न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा नहीं है, और यही लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
रिजिजू ने आगे कहा कि कांग्रेस के समय में जब वे विपक्ष में थे, तब भी उन्होंने कभी लोकतंत्र पर सवाल नहीं उठाए। हम विपक्ष में रहे, लेकिन कभी देश की संस्थाओं को अपमानित नहीं किया। राहुल गांधी हर बार विदेश जाकर भारतीय लोकतंत्र को गाली देते हैं, जबकि दुनिया भारत को सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में देखती है।
यह भी पढ़ेंः सालों बाद पैतृक गांव कोनार पहुंचे PK, मांगा वोट
करीब 1 घंटे 20 मिनट लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस
बुधवार को राहुल गांधी ने कांग्रेस मुख्यालय में करीब 1 घंटे 20 मिनट लंबी प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि “हरियाणा में 3.5 लाख वोटरों के नाम काट दिए गए थे और बिहार में भी वही साजिश दोहराई जा रही है।” राहुल ने पांच ऐसे लोगों को मंच पर बुलाया, जिनके नाम वोटर लिस्ट से हटाने का दावा किया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा चुनाव 2024 के दौरान एक ब्राजील की मॉडल के नाम पर 10 बूथों पर 22 बार वोट डाले गए। राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश में लगे हैं। अब जबकि बिहार में पहले चरण का मतदान कल होना है, राहुल गांधी के इन आरोपों और रिजिजू के जवाब ने चुनावी माहौल को और भी गरम कर दिया है।



