नई दिल्ली: ‘गवर्नमेंट ऑन व्हील्स’ पहल को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आज बाहरी और देहात (ग्रामीण) दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों और नालों के कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध पूरा करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इन जगहों का किया दौरा
निरीक्षण का आरंभ धौला कुआं मेट्रो स्टेशन से हुआ, जहां मंत्री प्रवेश वर्मा ने लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और अन्य नागरिक एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दल ने नजफगढ़, नांगलोई, मुंडका, कराला और मंगोलपुरी क्षेत्रों का दौरा किया। यह मार्ग कई प्रमुख सड़कों और जल निकासी परियोजनाओं को कवर करता है, जिनमें नजफगढ़ (UER-II मार्ग से), नांगलोई-नजफगढ़ रोड, रोहतक रोड (मुंडका), रानी खेड़ा अंडरपास, घेवर रोड और कराला-कंझावला रोड से लेकर मंगोलपुरी तक के हिस्से शामिल थे।
होगा स्थायी समाधान
निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि “हमारी सरकार दिल्ली के बाहरी इलाकों में वर्षों से लंबित सड़कों और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। मुंडका रोड अब एनएचएआई को हस्तांतरित कर दी गई है और इसके साथ एक व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है। अगले एक वर्ष में पंजाबी बाग से बहादुरगढ़ बॉर्डर तक का पूरा मार्ग पूरी तरह बदल जाएगा। जो काम पिछले 25 वर्षों में नहीं हुआ, वह अब पूरा किया जा रहा है।”
ये भी पढ़ें-देशी माहौल में तैयार ट्यूलिप लुटियन दिल्ली में होंगे आकर्षण का केंद्र
क्या है सरकार का उद्देश्य
इस अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर वास्तविक समस्याओं जैसे टूटी सड़कों, अतिक्रमित फुटपाथों, गलत ड्रेनेज कनेक्शनों और खराब सफाई व्यवस्था की पहचान करना था। अधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत कर सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। मंत्री वर्मा ने कहा कि ‘गवर्नमेंट ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम के अगले चरणों में बाहरी और ग्रामीण दिल्ली के अर्ध-शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि सभी जोनों में संतुलित विकास और बेहतर बुनियादी ढांचा सुनिश्चित किया जा सके।



