समस्तीपुर: बिहार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का धुआंधार प्रचार अभियान शुरू हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के दोनों ही शीर्ष नेता शुक्रवार को बिहार में चुनावी रैलियां करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जननायक कर्पूरी ठाकुर की धरती से अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन से लेकर सुरक्षा एजेंसियां तक अलर्ट मोड में हैं।
प्रधानमंत्री मोदी अपने समस्तीपुर दौरे के दौरान सबसे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के आवास पर पहुंचकर उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद वे दुधपुरा हवाई अड्डा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री की इस सभा में समस्तीपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों के हजारों कार्यकर्ताओं और आम लोगों के शामिल होने की संभावना है। मोदी इस जनसभा के माध्यम से एनडीए के उम्मीदवारों के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा सहित एनडीए के कई शीर्ष नेता भी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर पूरे शहर में चाक-चौबंद व्यवस्था की है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और कार्यक्रम स्थल के आसपास कड़ी जांच की जा रही है।



