छठ पर बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए:मंत्री

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के शर्मा ने छठ पर्व के मद्देनजर अधिकारियों को छठ घाटों की व्यवस्था, प्रकाश, साफ-सफाई एवं फॉगिंग कार्यों में तेजी लाने को कहा

Share This Article:

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने छठ पर्व की तैयारियों के मद्देनजर अपने कैंप कार्यालय पर नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था एवं जनभावना से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंत्री शर्मा ने विशेष रूप से यह निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था, फॉगिंग, कीटाणुनाशक दवा के छिड़काव, घाटों का समतलीकरण तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर के प्रमुख मार्गों एवं घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत एवं गड्ढामुक्ति तत्काल पूरी की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि छठ पर्व के अवसर पर स्वच्छता एवं व्यवस्था ही सबसे बड़ा सेवा कार्य है, इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतरें।

बैठक के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व के दौरान किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो। उन्होंने कहा कि घाटों एवं पूजा स्थलों के आसपास विशेष रूप से अस्थायी प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता तथा विद्युत सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए।उन्होंने सभी सुपरिन्टेंडिंग इंजीनियरों एवं अधिशासी अभियंताओं को यह निर्देश दिए कि छठ पर्व के दौरान 24 घंटे नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहें तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सभी फीडरों एवं ट्रांसफार्मरों की पूर्व जांच कर ली जाए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी की स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर विकास विभाग के अधिकारियों को मंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि छठ घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की समतलीकरण, साफ-सफाई, जल निकासी व्यवस्था एवं सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकायों द्वारा घाटों पर अस्थायी चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, पीने के पानी की व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता तथा कचरा निस्तारण की विशेष व्यवस्था की जाए।श्री शर्मा ने कहा कि घाटों पर भीड़-भाड़ को देखते हुए अग्निशमन एवं चिकित्सा दल को भी तैनात रखा जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नगर की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में नगर विकास प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद,निदेशक नगरीय निकाय अनुज झा,निदेशक सूडा अपूर्वा दुबे, ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल, एम डी पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.