भागलपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भागलपुर जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 102 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इनमें से 17 नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाई गईं, जिसके चलते उन्हें रद्द कर दिया गया। अब कुल 85 प्रत्याशियों के नाम निर्देशन पत्र वैध पाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति इस प्रकार रही
- 152 – बिहपुर: कुल 12 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 2 नामांकन रद्द किए गए। अब 10 प्रत्याशी शेष हैं।
- 153 – गोपालपुर: यहां सभी 11 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
- 154 – पीरपैंती (अ.जा.): कुल 12 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें से 1 त्रुटिपूर्ण पाया गया। अब 11 प्रत्याशियों के नामांकन सही हैं।
- 155 – कहलगांव: यहां 16 में से 3 नामांकन पत्र रद्द किए गए, जबकि 13 प्रत्याशियों के नामांकन वैध माने गए हैं।
- 156 – भागलपुर: कुल 14 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें से 2 त्रुटिपूर्ण पाए गए। अब 12 प्रत्याशियों के नामांकन सही हैं।
- 157 – सुल्तानगंज: 16 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 3 रद्द किए गए। 13 प्रत्याशियों के नामांकन वैध हैं।
- 158 – नाथनगर: कुल 21 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 6 रद्द हुए। अब 15 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: BJP ने सवर्णों को दी तवज्जो, तो JDU ने पिछड़ों पर लगाया दांव
आगे की प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। इस तिथि के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी, जिसके पश्चात प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
भागलपुर जिले में नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई और किसी भी तरह की अनियमितता या विवाद की सूचना नहीं मिली है।



