पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौघरी ने कहा कि पीएम मोदी जब भी बिहार आते हैं, वह राज्य को विकास के लिए आर्थिक पैकेज या करोड़ों रुपये की योजनाओं की सौगात देते हैं। अब 15 सितंबर को प्रधानमंत्री पूर्णिया में 40 हजार करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे।
पूर्णिया एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का उद्घाटन
चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस बार पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और सीमांचल की धरती से विकास को उड़ान के लिए तैयार करेंगे। पूर्णिया एयरपोर्ट से पहली वाणिज्यिक उड़ान की शुरुआत भी इसी मौके पर होगी। इससे सीमांचल के लोगों को देश के अन्य हिस्सों तक तेज और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 2015 में पहली बार बिहार को 1.65 लाख करोड़ का विशेष आर्थिक पैकेज दिया था। वह 50 बार से ज्यादा इस राज्य की यात्रा करने वाले पहले पीएम हैं। इसके साथ ही भागलपुर में नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत एसटीपी और आई एंड डी, पूर्णिया में सेक्स सॉर्टेड सीमेन उत्पादन केंद्र , अररिया से गलगलिया (ठाकुरगंज) तक नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे। यह नया टर्मिनल बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करेगा। ये राज्य का सबसे बड़ा रनवे वाला एयरपोर्ट है। इसके साथ ही वह सीमांचल के किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से लैस सीमेन सुविधा का बड़ा लाभ देंगे।
पीएम कई परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
प्रधानमंत्री इस दौरे पर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें भागलपुर जिले के पीरपैंती में 3&800 मेगावाट की थर्मल पावर परियोजना शामिल है, जो ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी। इसके अलावा सुपौल और कटिहार जिलों में आई एंड डी व एसटीपी कार्य की आधारशिला रखी जाएगी। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए कटिहार, भागलपुर और दरभंगा जिलों में नई पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। बिहार में रेल संपर्क को मजबूती देने के लिए विक्रमशिला से कटारेह तक नई रेल लाइन बनाई जाएगी। साथ ही बहुप्रतीक्षित कोसी-मेची अंतरदलीय लिंक परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री करेंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजन
सम्राट चौधरी ने बताया इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 35,000 ग्रामीण और 5,920 शहरी लाभार्थियों को पीएम गृह प्रवेश कराएंगे। बिहार में एनआरएलएम के तहत क्लस्टर लेवल फेडरेशनों को सामुदायिक निवेश फंड का भी वितरण किया जाएगा। इस दौरे में सीमांचल और आसपास के जिलों को नई रेल सेवाओं की भी सौगात मिलेगी। प्रधानमंत्री अररिया-गलगलिया रेलखंड पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस, सहरसा-छेहरटा (अमृतसर) अमृत भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-ईरोड अमृत भारत एक्सप्रेस को भी वो रवाना करेंगे।
इसको भी पढ़ें: बिहार में भाजपा का डिजिटल दम, मोदी मित्र डिजिटल योद्धा अभियान ने मचाई धूम
तेजस्वी यादव का औचक निरीक्षण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोमवार को पूर्णिया आगमन से ठीक पहले प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव बिहार की डबल इंजन सरकार के खिलाफ मास्टर स्ट्रोक चला। तेजस्वी यादव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्णिया पहुँचने से ठीक एक रात पहले पूर्णिया जीएमसीएच का औचक निरीक्षण किया । इस दौरान उनकी सोशल मीडिया टीम वीडियो बनाती रही और वह जीएमसीएच की हालत बयां करते रहे। कभी मरीजों से मिले तो कभी मरीज का हाल जाना तो कभी जीएमसीएच की बदहाली की बात कही। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय अमंगलकारी है और ऐसे स्वास्थ्य मंत्री पर लानत है। उनके समय में स्वास्थ्य व्यवस्था अच्छी थी लाखों करोड़ों की बिल्डिंग बन गई लेकिन स्वास्थ्य व्यवस्था दम तोड़ रही।
तेजस्वी के पूर्णिया आने के सियासी मायने है
प्रधानमंत्री के आगमन से ठीक एक रात पहले तेजस्वी यादव के पूर्णिया आने की सियासी मायने भी हैं । एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीमांचल के चौबीस विधानसभा क्षेत्र को साधने के लिए अपने मंच से कोशिश करेंगे और विकास की बात करेंगे तो दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष पूर्णिया के जीएमसीएच के हालात को बता कर लोगों को संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि कुछ भी अच्छा नहीं है, स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई है।



