पटना: बेगूसराय की धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी शंखनाद किया है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत छठ पर्व की शुभकामना से की। उन्होंने कहा, “नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है। बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को मेरा नमन और वंदन!”
मेरा सौभाग्य है कि कल ही, मुझे बेगूसराय जाने का अवसर मिला था। बिहार कोकिला शारदा सिन्हा जी का बेगूसराय से आत्मीय रिश्ता रहा है। शारदा सिन्हा जी और बिहार के कई लोक कलाकारों ने अपने गीतों से, छठ के उत्सव को एक अलग भाव से जोड़ा है। pic.twitter.com/6P4iQnRL5X
— Narendra Modi (@narendramodi) October 25, 2025
बेगूसराय से पीएम मोदी के चुनावी शंखनाद से बिहार की राजनीति में कई अहम सवाल उठने लगे हैं। खासकर बेगूसराय जिले में, जहां 2020 के विधानसभा चुनाव में NDA का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। सवाल यह है कि क्या प्रधानमंत्री मोदी का जादू इस बार बेगूसराय में चलेगा और क्या NDA इस जिले की हारी हुई सीटों पर कमल खिला पाएगी?
पीएम मोदी की भावुक अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेगूसराय में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए NDA के लिए लोगों का विश्वास और प्यार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
पीएम मोदी की युवाओं से अपील
पीएम मोदी ने बिहार के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि आपके माता-पिता ने ‘जंगल राज’ से मुक्त कर ‘सुशासन’ को चुना था। अब 2025 का यह अक्टूबर और नवंबर आपके लिए नए अवसर और बड़ी जिम्मेदारी लेकर आए हैं। आपको अपनी एक वोट की ताकत समझनी है, क्योंकि इसी से बिहार की समृद्धि तय होगी। उन्होंने जनता से विकास के रास्ते को प्रशस्त करने में योगदान देने और महागठबंधन के दलों के विरोध में निर्णय लेने की भावुक अपील की।
बेगूसराय में NDA की चुनौती और ‘नया अंदाज’
साल 2020 के विधानसभा चुनाव के परिणाम बेगूसराय जिले में NDA के लिए चिंताजनक थे। जिले की कुल 7 विधानसभा सीटों में से जदयू ने 4 सीटें चेरिया बरियारपुर, तेघड़ा, मटिहानी और साहेबपुर कमाल गंवा दी थीं। बीजेपी को भी 1 सीट बखरी विधानसभा पर हार का सामना करना पड़ा था। राजद ने चेरिया बरियारपुर और साहेबपुर कमाल से जीत दर्ज की, जबकि सीपीआई ने तेघरा और बखरी विधानसभा पर कब्जा जमाया।
NDA का नया समीकरण
इस बार, हारी हुई सीटों पर जीत की रणनीति बनाते हुए NDA ने अपनी लड़ाई का अंदाज बदला है। सूत्रों के अनुसार, सीटों के बंटवारे में बदलाव किया गया है। तेघड़ा सीट बीजेपी को सौंपी गई है। साहेबपुर कमाल और बखरी सीट लोजपा-आर को सौंप कर महागठबंधन को नई चुनौती दी है।
यह भी पढ़ेंः निशिकांत बोले- तेजस्वी को CM चेहरा बनाना कांग्रेस का ‘लॉलीपॉप’
NDA के इस नए समीकरण को कितनी सफलता मिलती है, यह तो वक्त बताएगा। लेकिन यह साफ है कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘शंखनाद’ और सीटों के अदला-बदली के नए अंदाज के साथ, NDA इस बार बेगूसराय में अपनी खोई जमीन वापस पाने की पुरजोर कोशिश कर रही है।



