नई दिल्ली। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की भाजपा में वापसी हो गई है। बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा है कि पवन सिंह बीजेपी के थे और बीजेपी के ही रहेंगे। तावड़े के बयान के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिसमें कहा जा रहा था कि पवन सिंह उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक समता ज्वाइन कर सकते हैं। कयास लगाया जा रहा कि विनोद तावड़े और ऋतुराज सिंहा पवन सिंह को लेकर उपेंद्र कुशवाहा के घर सुलह कराने पहुंचे थे। कुशवाहा ने पवन सिंह को आशीर्वाद दे दिया है।
NDA के लिए करेंगे काम
विनोद तावड़े ने इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा- पवन सिंह भाजपा में हैं और भाजपा में ही रहेंगे। राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। आगामी चुनाव में पवन सिंह बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में NDA के लिए काम करेंगे। बता दें कि पवन सिंह को लेकर चर्चा है कि वो आरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।
कुशवाहा को मनाया
2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टिकट दिया था लेकिन उनके कुछ अश्लील बंगाली गाने के कारण विवाद हुआ तो वो पीछे हट गए। बाद में बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय उतर गए। NDA ने यहां उपेन्द्र कुशवाहा को उतारा था, लेकिन पवन सिंह की वजह से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब जब पवन सिंह फिर BJP में वापसी चाहते ह तो उनके लिए सबसे जरूरी था उपेंद्र कुशवाहा को मानना, इसलिए बीजेपी नेताओं के साथ वो मिलने पहुंच गए।

अचानक छोड़ा रियलिटी शो
पवन सिंह हाल ही में अशनीर ग्रोवर की रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में नजर आए थे। पवन सिंह ने यहां अपनी पहली पत्नी और दूसरी से चल रहे तलाक केस के बारे में बात की थी। पवन सिंह के कारण ‘राइज एंड फॉल’ शो की टीआरपी बढ़ गई थी और बिग बॉस जैसा शो पिछड़ गया। लेकिन पवन सिंह ने अचानक से शो छोड़ दिया। बाहर आकर उन्होंने कहा- जनता ही मेरा भगवान है। चुनाव के समय मेरा फर्ज बनता है कि मैं उनके बीच में रहूं। भोजपुरी सिंगर के बयान से साफ हो गया था कि राजनीति में फिर से एंट्री लेने जा रहे हैं।
बीजेपी को होगा फायदा
लोकसभा चुनाव में पवन सिंह भले ही निर्दलीय चुनाव हार गए हो लेकिन जमीन पर उनकी मजबूत पकड़ को बीजेपी ने देखा था। न सिर्फ काराकाट बल्कि बक्सर और सासाराम तक पवन सिंह का प्रभाव देखने को मिला। भाजपा उम्मीदवारों को यहां हार का मुंह देखना पड़ा। अगर पवन सिंह आरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं, तो वो शाहबाद, भोजपुर, बक्सर, कैमूर और रोहतास की 22 विधानसभा सीट को प्रभावित कर सकते हैं। बीजेपी यहां अपना फायदा देख रही है।
बिहार में SIR के बाद फाइनल वोटर लिस्ट जारी, ऐसे चेक करें अपना नाम
आरके सिंह से मुलाकात
हाल ही में पवन सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता आरके सिंह से मिलने पहुंचे थे। इस मुलाकात के बाद आरके सिंह ने कहा था, ‘पवन सिंह को बीजेपी में शामिल हो जाना चाहिए’ . पवन सिंह 2017 में भाजपा में आये थे। उन्होंने खुद को पीएम मोदी का बड़ा प्रशंसक बताया था। पार्टी की तरफ से स्टार कैंपेनर भी बने। 2024 का लोकसभा चुनाव आरा या काराकाट से लड़ना चाहते थे लेकिन भाजपा ने उन्हें आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया। कुछ विवादित गानों के कारण चीजें बदली तो उन्होंने टिकट वापस कर दिया। बाद में काराकाट सीट से निर्दलीय उतर गए तो भाजपा ने पार्टी से निष्काषित कर दिया था। अब फिर से बीजेपी में शामिल हो गए हैं।



