पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख़ों के ऐलान के साथ ही राज्य की सियासत गरमा गई है। इसी कड़ी में प्रशांत किशोर की पार्टी ‘जन सुराज’ ने भी जनता के बीच अपनी बात रखी और एक बार फिर पारंपरिक राजनीति पर बड़ा हमला बोला। उनके निशाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रहे।
बंधुआ मजदूरों को क्यों ढोना
जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत किशोर (PK) ने कहा कि पिछले 20 सालों से बिहार की जनता कुछ राजनीतिक बंधुआ मजदूरों को ढो रही है। अब जनता को उनसे मुक्ति का समय आ गया है। यह चुनाव बिहार के बच्चों के भविष्य का चुनाव है। उन्होंने कहा कि अब बिहार में नई राजनीति का सूर्योदय होगा, जो जाति और लालच से ऊपर, काम और नीयत पर आधारित होगी।
दही-चूड़ा नहीं खाएंगे नीतीश
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए PK ने कहा कि अब बिहार में नीतीश कुमार दही-चूड़ा नहीं खाएंगे। आने वाले समय में जन सुराज का मुख्यमंत्री दही-चूड़ा खाएगा। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। समर्थकों के बीच इसे जन सुराज के आत्मविश्वास के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
भ्रष्ट नेताओं की खुलती रहेगी पोल
जन सुराज प्रमुख ने अपने अंदाज़ में कहा कि उनकी पार्टी उन भ्रष्ट नेताओं, मंत्रियों और अफसरों की पोल खोलती रहेगी, जिन्होंने बिहार को वर्षों तक पीछे धकेला। उन्होंने कहा कि जनता के सामने अब सच्चाई रखी जा रही है और जन सुराज आंदोलन अब जन सत्ता परिवर्तन की दिशा में बढ़ चुका है।
9 अक्टूबर को आएगी जन सुराज की लिस्ट
प्रशांत किशोर ने यह भी इशारा किया कि 9 अक्टूबर को जन सुराज की पहली उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की जाएगी। इसी दौरान जब उनसे उनके खुद के चुनाव लड़ने के सवाल पूछे गए, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा-देखिए, जब 9 अक्टूबर को लिस्ट जारी होगी, तो उसमें शायद मेरा नाम भी हो। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि प्रशांत किशोर खुद चुनावी मैदान में उतर सकते हैं।
ये भी पढ़ें-पातेपुर सीट पर RJD-BJP में मुकाबला! जानिए क्यों खास है यह विधानसभा क्षेत्र
कहां से लड़ेंगे PK
सूत्रों के मुताबिक़, वे संभवतः करगहर विधानसभा क्षेत्र से अपनी किस्मत आज़मा सकते हैं। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय 9 अक्टूबर को सामने आएगा। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि PK का यह बयानबाज़ी वाला अंदाज़, पारंपरिक नेताओं पर तीखा हमला और जन संवाद की शैली, बिहार की राजनीति में नई लहर ला रही है।



