दिल्ली मेट्रो की कहानी अब करीब से जानिए

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नई दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का किया उद्घाटन

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली की धड़कन बन चुकी मेट्रो की कहानी अब और करीब से जानिए। नई दिल्ली की सड़कों पर रोजाना लाखों लोग सफर करते हैं, और इस सफर का सबसे भरोसेमंद साथी है दिल्ली मेट्रो। वर्ष 2002 में अपनी पहली यात्रा से शुरू हुई यह क्रांति आज विश्व स्तरीय सार्वजनिक परिवहन का प्रतीक बन चुकी है। पर्यावरण संरक्षण से लेकर शहर की कनेक्टिविटी तक।  मेट्रो ने दिल्ली को नया जीवन दिया है। अब इस गौरवशाली यात्रा को करीब से देखने का मौका मिला है। बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नए दिल्ली मेट्रो संग्रहालय का उद्घाटन किया। यह संग्रहालय मेट्रो के इतिहास, तकनीक, विकास और भविष्य की झलकियां पेश करता है। इंटरएक्टिव प्रदर्शनों, मॉडलों और दुर्लभ तस्वीरों के साथ। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए खुला यह म्यूजियम दिल्ली के विकास की नई मिसाल है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन तथा सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस मैके पर रेखा गुप्ता ने कहा म्यूजियम केवल हिस्ट्री नहीं दिखाते, म्यूजियम तो वो फैसले जो लिए गए, जिस विजन के साथ लिए गए और आने वाली पीढ़ियों को जो रास्ता दिखाया गया, उस विजन और फैसलों के माध्यम से, ये म्यूजियम साक्षात उसकी कहानी को दिखाता है।

डॉ पंकज कुमार सिंह ने मेट्रो संग्रहालय के उद्घाटन के लिए दिल्ली मेट्रो बधाई देते हुए कहा, ”दिल्ली अब एक संग्रहालयों का शहर बन गया है l राष्ट्रीय और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसे संस्थान हमारे इस महान देश के स्वर्णिम इतिहास और गौरवशाली विरासत को बखूबी प्रदर्शित करते हैं। इसी कड़ी में आज यह मेट्रो रेल  संग्रहालय भी दिल्ली के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में अपना स्थान बनाने जा रहा है।”

संग्रहालय का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक

यह संग्रहालय 19 दिसंबर से आम जनता के लिए खोला जाएगा। संग्रहालय का समय प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह संग्रहालय मंगलवार से रविवार तक खुला रहेगा, जबकि सोमवार एवं सार्वजनिक अवकाशों के अवसर पर बंद रहेगा। अधिकाधिक आगंतुकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 10 प्रति व्यक्ति का नाममात्र प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है।

लगभग 12,000 वर्ग फुट क्षेत्रफल में विस्तृत इस संग्रहालय को प्रथम चरण में विश्व के प्रतिष्ठित मेट्रो संग्रहालयों  के अनुरूप विकसित किया गया है, जिसमें उन्नत प्रदर्शन प्रणालियाँ एवं सहभागितापूर्ण (इंटरएक्टिव) अनुभव उपलब्ध कराए गए हैं। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की ब्लू लाइन पर स्थित सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर होने के कारण यह संग्रहालय आगंतुकों के लिए सुगम रूप से सुलभ है। भारत मंडपम तथा सुप्रीम कोर्ट  जैसे प्रमुख स्थलों के समीप स्थित होने से यह सड़क मार्ग से भी आसानी से पहुंचा जा सकता है।

मेट्रो ट्रेन संचालन का वास्तविक अनुभव प्रदान करने वाले सिमुलेटर

संग्रहालय में मेट्रो ट्रेन संचालन का वास्तविक अनुभव प्रदान करने वाले सिमुलेटर, टनल बोरिंग मशीन एवं लॉन्चिंग गर्डर के कार्यशील मॉडल, तथा आगंतुकों के गेम खेलने एवं मेट्रो निर्माण प्रक्रिया को समझाने हेतु इंटरएक्टिव डिजिटल डिस्प्ले उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, क्विज़ शो स्क्रीन, सेल्फी प्वाइंट एवं स्मृति चिह्न (सुवेनियर) की दुकान संग्रहालय के सहभागितापूर्ण वातावरण को और सुदृढ़ बनाते हैं, जबकि स्थायी मॉडल एवं प्रदर्शनियां मेट्रो प्रणाली के विभिन्न तकनीकी एवं प्रचालन पहलुओं को प्रदर्शित करती हैं।

संग्रहालय में 50 से अधिक पैनल, प्रदर्शनी, कियोस्क एवं मॉडल स्थापित किए गए

संग्रहालय में मेट्रोमैन डॉ. ई. श्रीधरन पर आधारित एक समर्पित पैनल, एक माक मेट्रो सुरंग तथा ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (ओसीसी) का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। दिल्ली के प्रमुख स्थलों को दर्शाने वाले डायोरामा, गणमान्य व्यक्तियों के दौरों पर आधारित फोटो गैलरी तथा मेट्रो के इतिहास की प्रमुख उपलब्धियों से संबंधित पैनल, दिल्ली मेट्रो के विकास क्रम का समग्र चित्र प्रस्तुत करते हैं। कुल मिलाकर, संग्रहालय में 50 से अधिक पैनल, प्रदर्शनी, कियोस्क एवं मॉडल स्थापित किए गए हैं। भविष्य में द्वितीय चरण (फेज–II) के अंतर्गत अतिरिक्त प्रदर्शनियों एवं नवाचारों को सम्मिलित किया जाएगा।

पटेल चौक स्थित मेट्रो संग्रहालय को अब बंद कर दिया गया है

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि, दिल्ली मेट्रो संग्रहालय की अवधारणा का प्रारंभ वर्ष 2008 में हुआ था, जब भारत की सबसे उन्नत शहरी परिवहन प्रणाली की विकास यात्रा को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने का विचार परिकल्पित किया गया। इसी क्रम में  31 दिसंबर 2008 को देश का प्रथम मेट्रो रेल संग्रहालय पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर उद्घाटित किया गया, जो उस समय संपूर्ण दक्षिण एशियाई क्षेत्र में अपनी प्रकार का एकमात्र संग्रहालय था। राजधानी के नागरिकों को नववर्ष के उपहार स्वरूप समर्पित यह संग्रहालय शीघ्र ही यात्रियों एवं आगंतुकों के मध्य लोकप्रिय हो गया। पटेल चौक स्थित मेट्रो संग्रहालय में प्रतिवर्ष देश–विदेश के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से लगभग  5,000 विद्यार्थी भ्रमण हेतु आते थे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर नए दिल्ली मेट्रो संग्रहालय के उद्घाटन के साथ ही पटेल चौक स्थित मेट्रो संग्रहालय को अब बंद कर दिया गया है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.