नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए वोटिंग खत्म हो गई है। अब निगाहें 14 नवंबर पर टिकी है, जब चुनावी नतीजे आएंगे। इससे पहले आज सीएम नीतीश कुमार अचानक से पटना महावीर मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना करके आशीर्वाद लिया। इधर भाजपा के कार्यकर्ता भी पहले से जश्न की तैयारी में लग गए हैं। इसके बाद वो पटना हाई कोर्ट स्थित मजार पहुंचे, वहां से पटना सिटी स्थित गुरुद्वारा गए। मजार पर नीतीश के सिर पर हरा साफा दिखाई दिया।
बन रहे लड्डू
राजधानी पटना में भाजपा कार्यकर्ता 501 किलो लड्डू तैयार करने में लगे हैं। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बहुमत के साथ NDA सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने एग्जिट पोल पर कहा कि जनता की आवाज और एनडीए सरकार के लिए एग्जिट पोल में मुहर लग गई है। पीएम मोदी के नाम और काम का असर दिख रहा है।
अनंत सिंह के आवास पर तैयारी
इधर मोकामा से बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक अभी से जश्न की तैयारी कर चुके हैं। अनंत सिंह की जीत को पक्की मानते हुए, रिजल्ट आने से पहले ही पटना के मॉल रोड आवास पर भोज की तैयारी शुरू हो गई है। अनंत सिंह ने सभी को निमंत्रण भेज दिया है। टेंट-पंडाल लगाया जा रहा है। भोज में 50 हजार लोगों को खिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
भोज में क्या सब रहेगा
हलवाइयों की एक बड़ी टीम इन 2 दिनों में 2 लाख रसगुल्ले बनाएगी। 1 लाख गुलाब जामुन और एक लाख सफ़ेद रसगुल्ले बनाए जाएंगे। 6 लाख का 2 टैंकर दूध मंगाया गया है। भोज में पूरी, आलू-गोभी की सब्जी, मिक्स वेज और दोनों तरह के रसगुल्ले रहेंगे। 14 नवंबर को सुबह से ही भोज शुरू हो जाएगा। जो भी आएंगे खा कर जायेंगे। खाने-पीने में दिक्कत न हो, इसके लिए कुर्सी-टेबल लगा रहेगा।
ये भी पढ़ें-बिहार में रिकॉर्ड 66.91% मतदान, महिलाओं की भागीदारी अधिक
मोकामा में छोटे सरकार
अनंत सिंह मोकामा के 4 बार के विधायक हैं। दो बार जदयू, एक बार राजद और एक बार निर्दलीय चुनाव जीत चुके हैं। AK-47 रखने मामले में जब उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था तो इसके बाद हुए उपचुनाव में अपनी पत्नी को इलेक्शन लड़वाया। राजद की टिकट पर उनकी पत्नी जीत गईं। अब इस बार अनंत सिंह जदयू के टिकट पर मैदान में हैं।



