पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में सीट बंटवारे का फॉर्मूला अभी तक अंतिम रूप नहीं ले सका है। LJP(R) के नेता चिराग पासवान की मांगों के कारण यह मामला अटका हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में सीट बंटवारे पर सहमति बन सकती है और औपचारिक ऐलान हो सकता है। चिराग पासवान और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच जल्द ही इस मुद्दे पर समझौता होने की संभावना है। हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिराग पासवान की ऐसी कौन सी शर्तें हैं, जिनके कारण सीट बंटवारे का फॉर्मूला अब तक तय नहीं हो सका है।
चिराग पासवान की मांगें
चिराग पासवान अपनी पार्टी के लिए 25-30 विधानसभा सीटों की मांग कर रहे हैं। NDA सूत्रों के अनुसार, शुरुआती चर्चा में उनकी पार्टी को 22-25 सीटें देने पर सहमति बनने की बात सामने आई थी, लेकिन सीटों की संख्या के अलावा चिराग पासवान की कुछ सख्त शर्तों ने सीट बंटवारे में रोड़ा अटकाने का काम किया है। चिराग पासवान चाहते हैं कि उनकी पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव में जीती गई पांच सीटों और 2020 के विधानसभा चुनाव में उनके प्रदर्शन के आधार पर सीटें आवंटित की जाएं। उनकी मांग है कि जिन पांच लोकसभा सीटों पर LJP (रामविलास) ने जीत हासिल की है, उनमें से प्रत्येक में कम से कम दो विधानसभा सीटें उनकी पार्टी को दी जाएं। इसके अलावा, पार्टी के प्रमुख नेताओं के लिए भी सम्मानजनक सीटों की मांग की गई है।
LJP (R) के पांच सांसद
LJP (रामविलास) के पांच सांसद और उनकी लोकसभा सीटें इस प्रकार हैं:-
- चिराग पासवान: हाजीपुर
- शांभवी चौधरी: समस्तीपुर
- वीणा देवी: वैशाली
- राजेश वर्मा: खगड़िया
- अरुण भारती: जमुई
चिराग पासवान का कहना है कि इन पांच लोकसभा सीटों के अंतर्गत आने वाली कम से कम दो-दो विधानसभा सीटें उनकी पार्टी को आवंटित की जाएं। इस हिसाब से 10 विधानसभा सीटें तो केवल इन लोकसभा क्षेत्रों से ही बनती हैं। इसके अलावा, पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन के आधार पर और सीटें भी मांगी हैं।
BJP कर रही चिराग की मांगों पर विचार
सूत्रों के मुताबिक, BJP चिराग पासवान की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। पार्टी आलाकमान के साथ भी इस मुद्दे पर चर्चा चल रही है। सूत्र बता रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और विनोद तावड़े जल्द ही चिराग पासवान के साथ एक और बैठक करेंगे। BJP नेताओं ने चिराग को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों पर विचार कर जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
यह भी पढे़ंः चुनाव की घोषणा के बाद तेजस्वी यादव की पहली सभा आज
सीट बंटवारे का ऐलान जल्द!
NDA के विश्वस्त सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में सीट बंटवारे का फॉर्मूला अंतिम रूप ले सकता है। यदि चिराग पासवान और BJP के बीच सहमति बनती है, तो पटना में जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए NDA की एकजुटता और रणनीति को मजबूत करने के लिए यह समझौता अहम माना जा रहा है। चिराग पासवान की मांगों और उनकी पार्टी की रणनीति से यह साफ है कि वे बिहार में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करना चाहते हैं। अब यह देखना होगा कि BJP और LJP (रामविलास) के बीच अंतिम सहमति किन शर्तों पर बनती है।



