नालंदा: आस्था के महापर्व छठ की खुशियां नालंदा जिले में एक साथ तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गईं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए चार दर्दनाक हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन किशोर शामिल हैं। दो किशोरों की मौत नदी में डूबने से, जबकि एक की मौत सड़क दुर्घटना में हुई है।
हरनौत: 36 घंटे बाद मिला डूबे हुए किशोर का शव
पहला हादसा हरनौत थाना क्षेत्र के खरुआरा गांव स्थित छठ घाट के पास हुआ। तीरा गांव निवासी रणधीर यादव के 13 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार धोवा नदी में डूब गए थे, जिनका शव 36 घंटे बाद बरामद हुआ। मृतक के भाई ने बताया कि दीपावली के दिन सोमवार दोपहर संतोष अपने चार दोस्तों के साथ खरुआरा गांव के छठ घाट पर नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए। छठ घाट के पास मौजूद किसानों ने एक बच्चे को बचा लिया, लेकिन संतोष गहरे पानी में डूब गए। बुधवार सुबह 7 बजे छठ घाट पर नदी में उनका शव उतराया हुआ मिला।
मानपुर: मिट्टी का चूल्हा बनाने गया किशोर डूबा
दूसरी घटना मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव के निकट स्थित सकरी नदी के पास हुई। छठ के लिए घर में मिट्टी का चूल्हा बनाने के लिए दोस्तों के साथ नदी गए स्व. मिथलेश राउत के 13 वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार गहरे पानी में डूब गए। साथ गए दोस्तों ने गाँव वालों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन पानी की तेज धार में बह जाने के कारण वह डूब गए। मानपुर थाना की मदद से करीब पाँच घंटे बाद उनका शव निकाला जा सका।
राजगीर: स्टेशन से लौटते समय 6 वर्षीय बालक की मौत
तीसरी घटना राजगीर थाना क्षेत्र की है, जहाँ राजगीर स्टेशन से लौटते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 6 वर्षीय अनीस कुमार की मौत हो गई। रामहरि पिंड मोहल्ला निवासी विपीन कुमार का पुत्र अनीस अपने दादा के साथ श्रमजीवी ट्रेन पकड़ने राजगीर स्टेशन गया था। ट्रेन छूटने के बाद वापस घर लौटते वक्त यह हादसा हुआ।
थरथरी: हाई टेंशन तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
चौथी और अंतिम घटना थरथरी थाना क्षेत्र के अदलचक गांव में हुई। यहां 56 वर्षीय कारु प्रसाद (पिता: रामचंद्र प्रसाद) की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सुबह दंपत्ति खेत की ओर जा रहे थे, तभी 440 वोल्ट का टूटा हुआ तार पहले से जमीन पर गिरा हुआ था। कारु प्रसाद ने जैसे ही उसे हटाने का प्रयास किया, वह करंट की चपेट में आ गए।
यह भी पढ़ें: छठ पर बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए: मंत्री
सभी थाना अध्यक्षों ने बताया कि फिलहाल सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



