समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीन नगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं राज्य सरकार द्वारा मनोनीत पूर्व विधान परिषद सदस्य 78 वर्षीय राणा गंगेश्वर प्रसाद सिंह का रविवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने सुबह लगभग 4:30 बजे अपने पैतृक आवास रासपुर पतासीया से इलाज के पटना जाने के क्रम में अंतिम सांस ली। पूर्व विधायक राणा गंगेश्वर की पारिवारिक सदस्यों के अनुसार हृदय गति रुकने की बात बताई गई है।
2010 से 2013 तक विधायक रहे
राणा गंगेश्वर प्रसाद सिंह वर्ष 2010 से 2013 तक मोहिउद्दीन नगर के विधायक रहे थे। इसके बाद उन्हें राज्य सरकार ने विधान परिषद में मनोनीत किया, जहां वे वर्ष 2019 तक MLC पद पर कार्यरत रहे। अपने सरल स्वभाव, जनसरोकारों से जुड़े रहने और क्षेत्रीय विकास में सक्रिय भूमिका के कारण वे लोगों के बीच लोकप्रिय नेता माने जाते थे।
उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे मोहिउद्दीन नगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और समर्थक बड़ी संख्या में उनके पैतृक निवास पहुंचकर अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। क्षेत्र में मातमी सन्नाटा फैल गया है।
यह भी पढ़ेंः विश्व शांति स्तूप की 56वीं वर्षगांठ पर शामिल हुए राज्यपाल, दिया ये संदेश
स्थानीय लोगों ने बताया कि राणा गंगेश्वर प्रसाद सिंह का योगदान क्षेत्र के विकास में हमेशा याद किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार पारिवारिक निर्णय के बाद किया जाएगा।



