पटना: नालंदा के बिंद थाना क्षेत्र छोटी मिसिया डीह गांव में रविवार को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने गई उत्पाद विभाग की टीम पर शराब माफियाओं से अंधाधुंध फायरिंग कर दी. गोलीबारी से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. टीम ने किसी तरह खुद को बचाया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय बिंद थाना की पुलिस को दी. इसके बाद पुलिस, उत्पाद विभाग, खनन विभाग और बिजली विभाग की संयुक्त टीम गांव में पहुंची और बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया.
मिली थी गुप्त सूचना
इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने गांव के एक सुनसान स्थान से अवैध रूप से बालू लदे एक ट्रैक्टर के साथ 5 बाइक, बिजली हिटर और शराब बनाने के कई उपकरण, भट्ठी के अवशेष और अन्य सामान भी बरामद किए गए. हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही सभी आरोपी और अवैध शराब माफिया हथियारों के साथ मौके से फरार हो गए. वहीं, घटना के संबंध थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम को गांव में अवैध शराब चुलाई की गतिविधि होने की गुप्त सूचना मिली थी.
5 से 6 राउंड फायरिंग
सूचना के आधार पर पुलिस की टीम जैसे ही गांव पहुंची, तभी पहले से घात लगाए बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जहां 5 से 6 राउंड गोली चलने की बात सामने आई है. उन्होंने कहा कि पुलिस बल के पहुंचते ही सभी आरोपी कम पुलिस बल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे. आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है.
ये भी पढ़ें-बिहार चुनाव में भूमिहारों का स्ट्राइक रेट 50 प्रतिशत
हो रही छापेमारी
उत्पाद अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा गांव में छापेमारी की जा रही है जहां से अवैध शराब बनाने और बालू के अवैध कारोबार का नेटवर्क का पता चला है. उन्होंने कहा कि टीम ने न सिर्फ बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया है, बल्कि शराब बनाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं. बिजली विभाग की टीम द्वारा चोरी से बिजली का उपयोग हीटर का उपयोग का अलग से मामला दर्ज किया गया है…
नालंदा से महमूद आलम की रिपोर्ट



