गुजरात में केजरीवाल की महापंचायत 31 अक्टूबर को

Share This Article:

नई दिल्ली : गुजरात में किसानों के दमन की सारी हदें पार कर चुकी भाजपा सरकार के खिलाफ आगामी 31 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल महापंचायत करेंगे। यह जानकारी साझा करते हुए गुजरात के प्रभारी गोपाल राय ने बताया कि रविवार को किसान अपनी फसल के सही दाम मांगने को लेकर बोटाद मंडी में पंचायत करने गए लेकिन पुलिस ने अनुमति नहीं दी। इसके बाद किसान हड़दड़ गांव में पंचायत कर रहे थे, जहां भाजपा के इशारे पर पुलिस ने उन पर लाठी डंडे बरसाए, 250 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घरों में घुस कर पुलिस ने मां-बहनों के साथ बदसलूकी और दुश्मनों जैसा बर्ताव किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस दमन चक्र के खिलाफ सोमवार को पूरे प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने किसानों के साथ काला दिवस मनाया। अगर भाजपा सरकार किसानों को सम्मान, न्याय और सही दाम नहीं देती है तो “आप” प्रदेश भर में आंदोलन करेगी।

किसानों पर लाठियां बरसाईं

गोपाल राय ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को गुजरात में भाजपा सरकार ने बर्बर तरीके से निर्दोष किसानों पर लाठियां बरसाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और दमन चक्र चलाया। पूरे दिन और रातभर गिरफ्तारियां हुईं। ऐसा लग रहा है कि भाजपा सरकार किसानों की दुश्मन बन गई है। जैसे किसी शत्रु पर हमला किया जाता है, वैसे ही भावनगर जिले के बोटाद विधानसभा क्षेत्र के हडधड़ गांव में किसानों पर जुल्म ढाया गया। वहां किसान महापंचायत कर रहे थे, लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेरकर दमन शुरू किया। यह दमन चक्र अभी भी जारी है।

किसानों ने शांतिपूर्वक अपनी आवाज बुलंद की थी

गोपाल राय ने बताया कि यह मामला बोटाद मंडी से शुरू हुआ। गुजरात में कपास और मूंगफली की फसल तैयार हो चुकी है। किसान अपनी फसल मंडियों में लेकर जाते हैं, लेकिन वहां भाजपा सरकार और भाजपा के चेयरमैनों ने करदा प्रथा नामक शोषणकारी व्यवस्था लागू कर रखी है। इस प्रथा के तहत फसल का कुछ हिस्सा तय दाम पर खरीदा जाता है, लेकिन बाकी हिस्से को बेकार बताकर किसानों को या तो कम दाम पर बेचने को मजबूर किया जाता है या फसल वापस घर ले जाने को कहा जाता है। इस शोषण, जुल्म और अत्याचार के खिलाफ 10 अक्टूबर को बोटाद मंडी में किसानों ने शांतिपूर्वक अपनी आवाज बुलंद की थी।

किसानों को जबरन हटाया गया

गोपाल राय ने बताया कि आम आदमी पार्टी के किसान नेता राजूभाई करपड़ा के नेतृत्व में किसानों और स्थानीय किसान नेताओं ने मंडी समिति और चेयरमैन के सामने अपनी फरियाद रखी, लेकिन भाजपा समर्थित मंडी समिति ने सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद, मंडी समिति ने षड्यंत्र रचते हुए किसानों को भगाने के लिए शाम को नोटिस लगाकर मंडी को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया। किसान अपनी मांगों के साथ रातभर डटे रहे, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी। रात चार बजे पुलिस ने राजूभाई करपड़ा और अन्य किसान नेताओं को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उन्हें दिनभर इधर-उधर घुमाती रही, जबकि मंडी में तालाबंदी कर किसानों पर दबाव बनाया गया और उन्हें जबरन हटाया गया।

गोपाल राय ने बताया कि किसानों ने ऐलान किया था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे आंदोलन जारी रखेंगे। इसके लिए रविवार को बोटाद मंडी में किसान पंचायत का आयोजन किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने मंडी को पुलिस छावनी में बदल दिया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी और युवा अध्यक्ष बृजराज सोलंकी सहित दर्जनों किसान नेताओं को रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया। जब किसानों को मंडी में पंचायत की अनुमति नहीं मिली, तो उन्होंने बोटाद से 3-4 किलोमीटर दूर हड़दड़ गांव में शांतिपूर्वक पंचायत शुरू की।

गोपाल राय ने बताया कि लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने हड़दड़ गांव को चारों तरफ से घेर लिया। कुछ पुलिसकर्मियों को गुप्त रूप से सभा में भेजा गया। सभा चल रही थी, तभी पुलिस ने सभा पर पहले पथराव किया और फिर लाठीचार्ज शुरू करके आंसू गैस छोड़ी। गोपाल राय ने कहा कि ऐसा दर्दनाक मंजर शायद अंग्रेजों के जमाने में भी नहीं देखा गया। हड़दड़ गांव में हर घर का दरवाजा तोड़ा गया। बिना अनुमति पुलिस घरों में घुसी, जहां मां-बेटियां थीं। 250 से अधिक नौजवानों को हिरासत में लिया गया, लेकिन पुलिस केवल 20 लोगों की बात स्वीकार रही है। हिरासत में लिए गए लोगों को न खाना दिया गया, न पानी। बाकी लोगों का कोई पता नहीं है और पुलिस कुछ बताने को तैयार नहीं है। भाजपा सरकार ने पट्टी बांध रखी है और किसान लाचार घूम रहा है।

प्रशासन किसानों की आवाज को दबा नहीं सकता

गोपाल राय ने कहा कि भाजपा सरकार ने पूरे गांव को दुश्मन घोषित कर दिया है। यह दमन चक्र किसानों की आवाज को दबा नहीं सकता। आम आदमी पार्टी ने सोमवार को पूरे गुजरात में भाजपा सरकार के इस अत्याचार के खिलाफ काला दिवस मनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि हडधड़ गांव में बहन-बेटियों को अपमानित किया गया, जिसके खिलाफ पूरे प्रदेश में विरोध होगा। गुजरात की 400 मंडियों, जिनमें 200 बड़ी और 200 छोटी मंडियां शामिल हैं। इन मंडियों तक हडधड़ का संदेश पहुंचाया जाएगा। आम आदमी पार्टी के नेता और किसान नेता मिलकर हर मंडी में जनसुनवाई करेंगे और किसानों के दुख-दर्द को सुनेंगे।

गोपाल राय ने बताया कि 31 अक्टूबर को गुजरात में महापंचायत होगी, जिसमें आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल होंगे। गोपाल राय ने चेतावनी दी कि अगर भाजपा सरकार किसानों को न्याय, सम्मान और उनकी फसलों का उचित दाम नहीं देती, तो यह आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अगर यह सोचती है कि लाठियों, आंसू गैस और गिरफ्तारियों से किसानों को डराया जा सकता है, तो वह गलतफहमी में है। गुजरात वही राज्य है, जहां खेड़ा आंदोलन और 1974 के छात्र आंदोलन ने सरकारों को झुकाया था। 1987 में भी जब कांग्रेस सरकार ने किसानों पर गोली चलाई थी, तब गुजरात की जनता ने उसे उखाड़ फेंका था।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.