पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनता दल (यूनाइटेड) के महिला प्रकोष्ठ ने आज एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया। जिसमें प्रदेश से लेकर प्रखंड स्तर तक की महिला कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
महिला सशक्तिकरण पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिलाओं के उत्थान के लिए उठाए गए ऐतिहासिक फैसलों पर चर्चा की गई। जिसमें पंचायती राज में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण, जिसने ग्रामीण नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया। सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए विशेष आरक्षण, जिसने रोजगार के अवसरों को सशक्त किया। छात्राओं के लिए साइकिल योजना और प्रोत्साहन योजनाएं, जो शिक्षा को बढ़ावा दे रही हैं। सुरक्षा और शिक्षा से संबंधित अन्य योजनाएं, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक हैं।
डॉ. भारती मेहता ने की बैठक की अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता जदयू महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. भारती मेहता ने की। इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, प्रदेश महासचिव व मुख्यालय प्रभारी (स्थापना) चंदन कुमार सिंह, श्वेता विश्वास, और मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष मनीष कुमार मंडल उपस्थित रहे। इसके अलावा, प्रदेश, जिला और प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और अध्यक्ष भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
ये भी पढ़ें: PK का सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला,बोले-मर्डर केस में गिरफ्तार करें नीतीश
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि महिला प्रकोष्ठ अब घर-घर जाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों और योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाएगा। इसके साथ ही संगठन को और मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं तक पहुंचें और उनकी समस्याओं को समझकर योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करें।



