नई दिल्ली: बिहार में वोटिंग से एक दिन पहले जनसुराज को बड़ा झटका लगा है। मुंगेर से जन सुराज प्रत्याशी संजय सिंह ने आज भाजपा का दामन थाम लिया है। उन्होंने मुंगेर बीजेपी प्रत्याशी कुमार प्रणय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जन सुराज के प्रत्याशी के इस कदम से मुंगेर में चुनावी समीकरण अब बदल गया है।
मुंगेर में वोटिंग कल
आपको बता दें कि मुंगेर में कल वोटिंग होनी है। इससे पहले अक्टूबर में ही जन सुराज के तीन उम्मीदवारों ने नाम वापस लिए थे। ये प्रत्याशी दानापुर, ब्रह्मपुर और गोपालगंज से चुनाव लड़ रहे थे। अब मुंगेर में प्रशांत किशोर को झटका लगा है।
जन सुराज अच्छी लेकिन..
बीजेपी में शामिल होने के बाद संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सीएम नीतीश के नेतृत्व में बिहार और देश का विकास है। जन सुराज की सोच अच्छी थी लेकिन जनता को बीजेपी के विकास मॉडल पर भरोसा हो। अब मैं बीजेपी कैंडिडेट की जीत के लिए काम करूंगा। मालूम हो कि मुंगेर भाजपा प्रत्याशी कुमार प्रणय पहले चरण के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। चुनावी हलफनामे में उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 177 करोड़ रुपये बताई है। इसमें 83.35 करोड़ चल और 86.65 करोड़ अचल संपत्ति है।
ये भी पढ़ें-जानें, ओपिनियन पोल और एग्जिट पोल में क्या है अंतर?
कल है वोटिंग
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को वोटिंग होनी है। 1314 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में कैद हो जाएगी। इसमें 73 फीसदी ऐसे उम्मीदवार हैं, जो करोड़पति हैं। 423 के खिलाफ क्रिमिनल केस का मामला है। पहले चरण में तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, अनंत सिंह, खेसारी लाल यादव, मैथिली ठाकुर समेत कई बड़े चेहरे अखाड़े में हैं।



