नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि ईरान के सैन्य नियंत्रण वाले युद्धग्रस्त स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारतीय झंडा लगे ईंधन जहाजों को सुरक्षित रास्ता मिलना भारत की स्पष्ट विदेश नीति और वैश्विक स्तर पर देश की बढ़ती प्रतिष्ठा का परिणाम है।
मजबूत कूटनीतिक संबंध
सचदेवा ने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बावजूद भारत सरकार की पहल के बाद ईरान द्वारा भारतीय जहाजों को सुरक्षित मार्ग देना भारत के मजबूत कूटनीतिक संबंधों को दर्शाता है। उनके मुताबिक यह भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती साख और प्रभाव का उदाहरण है।
विपक्ष पर निशाना
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने इस मुद्दे पर विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के अंदर राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी करने वाले कुछ विपक्षी नेता विदेशों में भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। ईरान एवं अमरीका के बीच चल रहे युद्ध के बीच भारत सरकार के फोन कॉल निवेदन पर ईरान द्वारा भारतीय ईंधन जहाजों को सुरक्षित पैसेज देना जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्व स्टेटसमैन होने को प्रमाणित करता है, वहीं देश के अंदर ओछी राजनीति करके देश विदेश में भारत की छवि धूमिल करने वाले राहुल गांधी एवं अरविंद केजरीवाल सरीखे नेताओं के मुंह पर करारा तमाचा है।
दुनिया में ईंधन संकट
सचदेवा ने कहा कि इस समय दुनिया ईंधन संकट से गुजर रही है, खासकर कुकिंग गैस की आपूर्ति को लेकर कई देशों में चिंता है। ऐसे समय में ईरान द्वारा भारतीय ईंधन जहाजों को सुरक्षित रास्ता देना इस बात का संकेत है कि भारत मजबूत नेतृत्व के साथ वैश्विक मंच पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर देश के कुछ विपक्षी नेता राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता दें तो यह देश की छवि के लिए बेहतर होगा।



