नई दिल्ली। मुनक नहर पर बनेगा 5,000 करोड़ रुपये से एलिवेटेड रोड। इसके बन जाने से उत्तर-पश्चिम दिल्ली और बाहरी दिल्ली को जाम से निजात मिलेगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मुनक नहर के कायाकल्प और भव्य छठ घाटों के निर्माण की आधारशिला रखी। वर्षों से गंदगी और बदहाली का शिकार रही यह नहर अब जल्द ही आस्था, स्वच्छता और आधुनिकता का नया प्रतीक बनेगी। मुख्यमंत्री ने इसे पूर्वांचल के लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अगली छठ पूजा तक यहां का वातावरण पूरी तरह बदल जाएगा। अब श्रद्धालुओं को गंदगी में नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, स्वच्छ और सुंदर परिसर में सूर्य देव को अर्घ्य देने का अवसर मिलेगा। यह क्षेत्र धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरेगा।
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में विकास कार्य की शुरुआत करते हुए कहा कि बरसों से बदहाल पड़ी मुनक नहर को साफ करके उसे सुंदर बनाया जाएगा और वहां छठ पूजा के लिए घाट भी तैयार किए जाएंगे। जिस नहर को लोग वर्षों से गंदगी और अव्यवस्था का प्रतीक मानकर नापसंद करते थे, वही अब आस्था और संस्कृति का मुख्य केंद्र बनेगी। यह प्रोजेक्ट शालीमार बाग, पीतमपुरा, केशवपुरम, नेताजी सुभाष प्लेस, पंजाबी बाग और कोहाट एन्क्लेव जैसे आसपास के इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों के लिए बड़े तोहफे की तरह है। इस काम के पूरा होने के बाद हर दिन 30,000 से ज्यादा लोग यहां सैर करने और अन्य गतिविधियों के लिए आ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए नहर के पास नई सड़क बनाई जाएगी और सिंगलपुर पुल को चौड़ा किया जाएगा। इन बदलावों से वर्षों से उपेक्षित रही यह जगह अब सुंदर सार्वजनिक स्थल में बदल जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को बेहतर और आधुनिक बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इससे न केवल क्षेत्र की रौनक बढ़ेगी बल्कि ट्रैफिक की समस्या में भी काफी सुधार होगा।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति

मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि सरकार की ओर से नहर के ऊपर 5,000 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा। यह इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन से शुरू होकर यूईआर-2 तक जाएगा। इस सड़क के बनने से रोहिणी और बाहरी दिल्ली जाने वाले लोगों को गलियों के ट्रैफिक में नहीं फंसना पड़ेगा और उनका सफर आसान हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह कदम केवल नहर को सुधारने के लिए नहीं, बल्कि पूरे इलाके के विकास के लिए ऐतिहासिक शुरुआत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार वर्षों से रुके हुए कामों को पूरा करके जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह समर्पित है।
ऐसे होगा नहर का सौंदर्यीकरण
इस योजना के तहत नहर की पूरी तरह सफाई की जाएगी, वहां जमा कीचड़ और कचरा हटाया जाएगा और साफ पानी के बहने का इंतजाम होगा। नहर के दोनों तरफ पक्की सीढ़ियों वाले आधुनिक छठ घाट बनाए जाएंगे। साथ ही, किनारों पर पेड़-पौधे और पार्क विकसित किए जाएंगे, जिससे यह पूरी जगह पूजा-पाठ और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए शानदार केंद्र बन जाएगी।
नहर के दोनों किनारों पर सर्विस रोड
नहर के दोनों किनारों पर नई सर्विस रोड बनाई जाएंगी, जहां पक्की सड़कें, इंटरलॉकिंग टाइलें और सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। इन रास्तों पर पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित फुटपाथ और गाड़ियों के लिए व्हील गार्ड का भी इंतजाम होगा। इस काम से इलाके में रोशनी बेहतर होगी और लोगों का आना-जाना पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और आसान हो जाएगा।
डबल लेन ब्रिज निर्माण
सिंगलपुर पुल के पास एक नया डबल लेन पुल बनाया जाएगा, जिसे स्टील और कंक्रीट की आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा। इस पुल के चौड़ा होने से पीतमपुरा और शालीमार बाग के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम की पुरानी समस्या खत्म होगी और लोगों के लिए आउटर रिंग रोड तक पहुंचना काफी आसान हो जाएगा।
मुनक नहर पर बाउंड्री वॉल
आउटर रिंग रोड से इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन तक नहर के किनारे प्रीकास्ट आरसीसी बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के अंतर्गत नहर किनारे व्यवस्थित बाउंड्री वॉल, हरियाली, बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र दिल्ली के प्रमुख सार्वजनिक आकर्षण स्थलों में शामिल होगा।



