पटना: इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बिहार पुलिस ने कड़ा कदम उठाया है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) के तहत पांच विशेष सेल का गठन किया गया है, जो चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगे। डीआईजी (आर्थिक अपराध) मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि इन सेल का गठन मादक पदार्थ तस्करी, साइबर अपराध, सोशल मीडिया, फर्जी मुद्रा और अवैध कैश लेनदेन की रोकथाम के लिए किया गया है।
पांच सेल को पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश
मानवजीत सिंह ढिल्लो ने मीडिया को बताया कि पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित सेल और पुलिस महकमों को विशेष निर्देश जारी किए हैं, ताकि चुनाव के दौरान अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। हाल ही में केंद्रीय और राज्य सरकार की विशेष एजेंसियों के साथ समन्वय बैठक में इन गतिविधियों की रोकथाम पर गहन चर्चा हुई। सभी पांच सेल को पूरी तरह सक्रिय रहने और थानों के साथ समन्वय कर दैनिक कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
इसको भी पढ़े: बिहार सरकार के फैसले पर जमीन सुधार महाअभियान शुरू
ईओयू करेगा निगरानी
इन सेल में विभिन्न स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है, और इनके कामकाज की निगरानी ईओयू के माध्यम से पुलिस मुख्यालय द्वारा की जाएगी। विशेष रूप से, अवैध कैश प्रवाह पर कड़ी नजर रखने और खुफिया जानकारी एकत्र करने पर जोर दिया गया है। ये सेल विधानसभा चुनाव में पारदर्शिता बनाए रखने और कदाचार रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



