गुवाहाटी: असम और केंद्र सरकार के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने के आरोप में पत्रकार और यूट्यूबर अभिसार शर्मा के खिलाफ गुवाहाटी में एफआईआर दर्ज की गई है। गुवाहाटी क्राइम ब्रांच ने 23 साल के आलोक बरुआ की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शर्मा ने अपने वीडियो में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाया और “राम राज्य” के सिद्धांत का मजाक उड़ाया।
दर्ज की गई धाराएं
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 (BNS) की धाराओं 152 (देशद्रोह), 196, और 197 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, ये धाराएं भारत की संप्रभुता और अखंडता को खतरे में डालने, समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और राष्ट्रीय एकता के लिए पूर्वाग्रहपूर्ण बयान देने से संबंधित हैं।
- इसको की पढ़ें: बिहार में हजारों छात्रों के APAR कार्ड अटके
शिकायत में क्या है
शिकायतकर्ता आलोक बरुआ ने दावा किया कि अभिसार शर्मा की टिप्पणी चुनी हुई सरकारों को बदनाम करने, सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने और कानून का पालन करने वाले अधिकारियों के प्रति अविश्वास पैदा करने के “दुर्भावनापूर्ण इरादे” से की गई थी।एफआईआर में यह भी कहा गया है कि वीडियो ने बरुआ के इलाके में चर्चाएं पैदा की हैं, और यह चिंता जताई गई है कि इससे सार्वजनिक शांति और सद्भाव भंग हो सकता है।इस मामले में अभी तक अभिसार शर्मा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।



