नई दिल्ली: दिल्ली में MCD के 12 वार्डों में उपचुनाव जल्द घोषित हो सकते हैं। राज्य चुनाव आयोग, दिल्ली शनिवार को एमसीडी उपचुनाव से संबंधित कुछ जरूरी जानकारी साझा करने के लिए संवाददाता सम्मेलन करेगा। संभावना है कि राज्य चुनाव आयोग दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव की तारीखों को ऐलान कर सकता है। इनमें कई सीटें विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पार्षदों के MLA या सांसद बनने से खाली हुई हैं।
दिल्ली नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव होने वाले हैं। इससे संकेत मिल रहा है कि उपचुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सूत्रों ने बताया कि इन उपचुनावों की तारीखों की घोषणा वर्तमान कानून व्यवस्था और राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए की जाएगी।
एमसीडी के 12 वार्ड इस कारण खाली हो गए क्योंकि बीजेपी पार्षद कमलजीत सेहरावत 2024 में लोकसभा सांसद चुनी गईं, जबकि अन्य 11 पार्षद फरवरी में हुए विधानसभा चुनावों में विधायक बन गए। विधानसभा चुनावों में जीतने वाले पार्षदों में 3 आम आदमी पार्टी (AAP) और 8 भारतीय जनता पार्टी से थे। बीजेपी की रेखा गुप्ता, जो शालीमार बाग बी वार्ड से पार्षद थीं, विधायक बनने के बाद अब दिल्ली की मुख्यमंत्री बन चुकी हैं। इसके अलावा उपचुनाव जिन वार्डों में होने हैं, उनमें मुंडका, चांदनी चौक, द्वारका बी, नारायणा, संगम विहार ए और दक्षिणपुरी सहित अन्य वार्ड शामिल हैं। अब इन 12 खाली वार्डों में उपचुनाव पर सभी की निगाहें हैं, जो ना सिर्फ स्थानीय राजनीति बल्कि दिल्ली के नगर निगम के शक्ति संतुलन को भी प्रभावित कर सकते हैं।



