कार्यक्रमों और सभाओं के सुरक्षित संचालन के लिए डीयू ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रस्तावित कार्यक्रमों के बारे में पूरी जानकारी स्थानीय एसएचओ को कार्यक्रम से 72 घंटे पहले तक सूचित करना अनिवार्य।

Share This Article:

नई दिल्ली: दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों/छात्रावासों/केंद्रों और संस्थानों में कार्यक्रमों और सभाओं (वार्षिक उत्सव/छात्रावास रात्रि आदि) का सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए डीयू प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है। दिल्ली उच्च न्यायालय के दिनांक 10 नवंबर 2023 के आदेशों और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा दिनांक 11 जनवरी 2024 को जारी सलाह के अनुपालन में दिल्ली पुलिस द्वारा जारी विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के क्रम में, दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी कॉलेजों/छात्रावासों/केंद्रों और संस्थानों के ध्यानार्थ कुछ अतिरिक्त दिशा निर्देश साझा किए गए हैं ताकि कार्यक्रमों और सभाओं (वार्षिक उत्सव/छात्रावास रात्रि आदि) का सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

संपर्क अधिकारी नियुक्त

प्रॉक्टर कार्यालय द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार विश्वविद्यालय उत्तरी परिसर क्षेत्र के भीतर सभी जुलूसों, विरोध प्रदर्शनों, सभाओं, समारोहों और कार्यक्रमों के संबंध में दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय के लिए एक समर्पित संपर्क अधिकारी (एलओ) और दक्षिणी परिसर क्षेत्र के लिए एक समर्पित संपर्क अधिकारी (एलओ) नियुक्त कर सकता है। किसी कार्यक्रम का आयोजन करने वाला प्रत्येक कॉलेज/छात्रावास/संस्थान उसी प्रकार उस कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से एक संपर्क अधिकारी नियुक्त कर सकता है। नामित संपर्क अधिकारी को कार्यक्रम के दौरान हर समय उपलब्ध रहना होगा और स्थानीय पुलिस के साथ आवश्यक विवरण साझा करने के लिए ज़िम्मेदार होगा, जिसमें कार्यक्रम का समय, कार्यक्रम की प्रकृति, अति विशिष्ट व्यक्तियों की उपस्थिति, अपेक्षित भीड़, प्रवेश के तरीके, कार्यक्रम का स्वरूप, उपस्थिति पर प्रति घंटा अपडेट और अन्य प्रासंगिक जानकारी शामिल है। संबंधित कॉलेज/छात्रावास द्वारा प्रत्येक प्रमुख कार्यक्रम के लिए एक विस्तृत सोशल मीडिया परामर्श जारी किया जा सकता है, जिसमें कार्यक्रम की प्रकृति, समय, प्रवेश आवश्यकताएँ/पास, यातायात व्यवस्था और निर्दिष्ट प्रवेश/निकास द्वार स्पष्ट रूप से निर्दिष्ट किए गए हों।

स्थानीय एसएचओ को कार्यक्रम से 72 घंटे पहले सूचित करना अनिवार्य

कॉलेज/छात्रावास परिसर के भीतर या निर्दिष्ट कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा दल, एक स्थिर एम्बुलेंस और अग्नि सुरक्षा उपायों की उपस्थिति सहित पर्याप्त आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। वीआईपी और सामान्य उपस्थित लोगों के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार निर्धारित किए जाने चाहिए। स्वयंसेवकों और निजी सुरक्षा कर्मचारियों की सहायता से आकस्मिक निकास मार्गों की योजना और पूर्वाभ्यास पहले से किया जाना चाहिए। किसी भी प्रस्तावित कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी, जिसमें उसकी प्रकृति, अपेक्षित उपस्थित लोग, जनसांख्यिकीय संरचना, विस्तृत लेआउट और निर्दिष्ट कार्यक्रम का विवरण शामिल है, के बारे में स्थानीय एसएचओ को कार्यक्रम से 72 घंटे पहले तक सूचित किया जाना चाहिए।
उपस्थित लोगों के सुचारू आवागमन और घोषणाओं में स्पष्टता सुनिश्चित करने के लिए प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र और अन्य रणनीतिक स्थानों जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (पीए सिस्टम) लगाए जा सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रवेश/निकास और घटनाओं के स्टोरेज के संबंध में पर्याप्त कवरेज के लिए विशेष रूप से द्वारों और अखाड़े/मैदान या समारोह स्थल पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी भी लगाए जाने चाहिए।

कॉलेज/छात्रावास के परिसर में होने वाले आयोजनों के संचालन और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज/संस्थान की होगी।


यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी कॉलेज/छात्रावास या संस्थान के परिसर में होने वाले आयोजनों के संचालन और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज/संस्थान की होगी। दिल्ली पुलिस, अपने अधिदेश के तहत, समग्र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार है, न कि निजी आयोजनों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए। इसलिए, पूरी ज़िम्मेदारी कॉलेज/संस्थान पर होगी, जिन्हें पर्याप्त रूप से प्रशिक्षित और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड और बाउंसर तैनात करने चाहिए। पार्किंग व्यवस्था और सड़कों पर यातायात प्रबंधन में मदद के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफ़िक मार्शलों की तैनाती भी अनिवार्य होनी चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती भी की जानी चाहिए, खासकर उक्त संस्थान के उन छात्रों की पहचान करने के लिए जिन्हें आयोजन में प्रवेश की अनुमति है।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.