नई दिल्ली।राजधानी में शनिवार को मूसलाधार बारिश ने मौसम को ठंडा और सुहाना बना दिया, लेकिन इस बार राजधानी को जलभराव की आम समस्या से निजात मिली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि दिल्ली और आसपास के एनसीआर क्षेत्र में शनिवार को 40-65 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। दिल्ली सरकार और नगर निगम की पहले से की गई तैयारियों ने सुनिश्चित किया कि शहर की सड़कें और निचले इलाके पानी से न भरें।
प्रभावी जल निकासी व्यवस्था का परिणाम
दिल्ली सरकार का कहना है कि इस साल मानसून से पहले जलभराव रोकने के लिए कई कदम उठाए गए। हमने प्रमुख जलभराव वाले स्थानों जैसे मिंटो ब्रिज, आईटीओ, और आनंद विहार में ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया। नालों की गहरी सफाई और अतिरिक्त पंपों की तैनाती से बारिश का पानी तेजी से निकाला गया। बारिश शुरू होने से पहले ही आपातकालीन टीमें तैनात थीं, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही। वैसे इस बार न सिर्फ सरकारी स्तर पर बल्कि ख़ुद उपराज्यपाल ने भी मानसून से पहले ही जलभराव से निपटने के लिए अपनी कोशिशें तेज कर दीं। कई जगह उपराज्यपाल विनय सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दौरे किए । बारापुला जैसे बड़े नालों की सफाई के लिए तो इन दोनों ने कई बार मौके पर जाकर सफ़ाई कार्य का ख़ुद निरीक्षण भी किया। जिसका असर ये हुआ कि सरकारी मशीनरी इस बार पहले से ही अलर्ट मोड में आ गई । यही वजह है कि इस बार जलभराव की शिकायतों में तेजी से कमी आई। जिन एरिया में मूसलाधार बारिश से पानी भरा भी तो बारिश बंद होते ही कुछ देर में पानी की निकासी हो गई। जबकि पहले जलभराव लंबे वक्त तक बना रहता था।

मौसम और तापमान का हाल
शनिवार को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहे, और शाम को तेज बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक सफदरजंग में 38.2 मिमी, पालम में 22.7 मिमी, और लोधी रोड में 25.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। उच्च आर्द्रता (70-85%) के कारण उमस बनी रही, लेकिन बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिसमें कुछ स्थानों पर तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
यातायात और वायु गुणवत्ता में सुधार
भारी बारिश के बावजूद दिल्ली में यातायात व्यवस्था सुचारू रही। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने समय-समय पर अपडेट जारी कर लोगों को जाम से बचने की सलाह दी। कनॉट प्लेस और द्वारका जैसे कुछ इलाकों में हल्की रुकावट देखी गई, लेकिन जलभराव न होने से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। मानसून की बारिश ने वायु गुणवत्ता को भी बेहतर किया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का औसत AQI 80 रहा, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में है। आया नगर में AQI 70 और नरेला में 95 दर्ज किया गया।
विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का विवरण
-सफदरजंग: 38.2 मिमी
-पालम: 22.7 मिमी
-लोधी रोड: 25.9 मिमी
-नजफगढ़: 15.3 मिमी
-मयूर विहार: 20.8 मिमी
-पूसा: 23.6 मिमी
-आनंद विहार: 18.4 मिमी
(नोट: सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक बारिश मिमी में मापी गई।)
दिल्लीवासियों की प्रतिक्रिया
स्थानीय लोगों ने जलभराव न होने पर राहत जताई। करोल बाग की निवासी शालिनी गुप्ता ने कहा, पिछले साल बारिश में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाता था, लेकिन इस बार सड़कें साफ रहीं। प्रशासन ने अच्छा काम किया। हालांकि, कुछ लोगों ने उमस भरे मौसम की शिकायत की, क्योंकि बारिश के बाद भी आर्द्रता का स्तर ऊंचा रहा।



