नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत खुशनमा माहौल से हुई, लेकिन कुछ देर बाद ही सदन में जब ऑपेरशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव पर चर्चा हुई तब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक भी हुई। सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू हुई तब विधानसभा में पेपरलेस कामकाज की सुविधा प्रदान करने के लिए सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष का धन्यवाद किया।
इस दौरान दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में करीब डेढ़ महीने से भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और अहमदाबाद प्लेन क्रैश की घटना में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपानी की मौत पर सभी सदस्यों ने शोक जताया। साथ ही विधानसभा में कांग्रेस विधायक जय किशन के निधन पर सदन में श्रद्धांजलि दी गई। पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के दिवंगतों को याद करते हुए उनके परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई गई। अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान की दुर्घटना में मारे गए 270 लोगों को भी श्रद्धांजलि देते हुए सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा।
ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान आप विधायक को मार्शल ने किया बाहर
भाजपा विधायक व विधानसभा के सचेतक अभय वर्मा ने चर्चा की शुरुआत करते हुए 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी घटना का जिक्र किया। उन्होंने प्रधानमंत्री और सेना के शौर्य की प्रशंसा की। वहीं, विपक्ष ने ऑपेरशन सिंदूर में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को लेकर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का विपक्ष पर तंज
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को दिल्ली विधानसभा में ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव पर अपने विचार व्यक्त करते हुए दोनों की सफलता को राष्ट्र के गौरव से जोड़ा और भारतीय सेना के शौर्य को नमन किया। साथ ही विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दृढ़ इच्छा शक्ति वाले राष्ट्र नायक की भूमिका निभाते हुए भारत की सभी बहनों का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया। वहीं विपक्ष और उसके नेताओं ने कभी भी देशहित की परवाह नहीं की और भारत की गरिमा को नीचा दिखाने के लिए लगातार साजिश की।
बहनों का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया
सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की साख जनता के भरोसे पर रहती है। ऑपरेशन सिंदूर उत्तर था, उन सभी आंसुओं का जो हमारी बहनों की आंखों से निकले। प्रधानमंत्री ने सभी बहनों का मान-सम्मान और स्वाभिमान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल पर हमला बोलते हुए कहा कि उसके नेता अपने स्वार्थों के चलते देशहित से दूर होते जा रहे हैं। इन्हें देश विरोधी ताकतों से प्यार है, जहां इनको अपना प्रतिबिंब दिखता है। भारत की प्रगति में, भारत के आगे बढ़ने में यह लोग खुश नहीं हैं। ये चाहते हैं कि देश पिछड़ा रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ऑपरेशन सिंदूर पर संसद में चर्चा हुई तो विपक्ष ने कई सवाल उठाए। जिनको अपनी देश की सेना के वक्तव्य पर विश्वास नहीं, जिनको अपने प्रधानमंत्री पर विश्वास नहीं, वह विश्वास करते हैं दूसरे देशों के आकाओं पर। भारत की सेनाएं आज भी उसी वीरता और निष्ठा से राष्ट्र की रक्षा कर रही हैं, जैसा उन्होंने 1965 और 1971 के युद्धों में किया था। लेकिन उन्होंने यह भी प्रश्न उठाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने उन ऐतिहासिक सैन्य जीतों के बावजूद राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव क्यों दिखाया। उन्होंने कहा कि 1965 के युद्ध में जब भारत ने विजय पाई थी, तो क्यों हमारी सरकारें दबाव में आकर जीती हुई जमीन लौटा दी। क्यों संयुक्त राष्ट्र और अमेरिका की मध्यस्थता स्वीकार की गई। 1971 में, जब भारत ने 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों को बंदी बनाया, तब उन्हें बिना किसी शर्त के क्यों छोड़ दिया गया।
कश्मीरी पंडितों के पलायन पर विपक्ष चुप है
मुख्यमंत्री ने शिमला समझौते, पीओके के मुद्दे और कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के पलायन जैसे ऐतिहासिक संदर्भों को भी रेखांकित किया और विपक्ष की चुप्पी व तत्कालीन नेतृत्व की निर्णयहीनता पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर कभी कोई जवाबदेही नहीं ली गई, जबकि आज जब प्रधानमंत्री के नेतृत्व ने निर्णायक कार्रवाई की गई है, तो उसे काल्पनिक बताकर नकारने का प्रयास हो रहा मुख्यमंत्री ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक, 2019 की बालाकोट एयरस्ट्राइक और हालिया ऑपरेशन महादेव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।
विस अध्यक्ष ने पीएम मोदी और सेनाओं को दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने ऑपरेशन सिंदूर, ऑपरेशन महादेव की सफलता के लिए अपनी ओर से तथा पूरे सदन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और इस कार्रवाई में सम्मिलित सभी सेनाओं, सुरक्षा बलों और खुफिया एजेंसियों को हार्दिक बधाई दी। साथ ही यह भी कहा कि सेनाओं और सुरक्षा बलों ने बहुत योजनाबद्ध तरीके से इन ऑपरेशनों को सफल बनाया। यह सदन भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान को नमन करता है और राष्ट्र की सेनाओं और सुरक्षा बलों के योगदान की सराहना करता है।
विपक्ष ने घेरा, ट्रंप की धमकियों से डरकर पीएम मोदी ने किया सीजफायर
दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा के दौरान आम आदमी पार्टी ने सीजफायर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दावों पर सत्ता पक्ष भाजपा को जमकर घेरा। नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आरोप लगाया कि ट्रम्प की धमकियों से डरकर पीएम नरेंद्र मोदी ने सीजफायर कर दिया। जब भारत से पहले ट्रम्प ने ट्वीट कर सीजफायर की जानकारी दी तो मुझे भरोसा ही नहीं हुआ। लेकिन कुछ देर बाद ही हमारी सेना ने सीजफायर की पुष्टि कर दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कायरता की वजह से भारतीय सेना पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाई। क्या अमेरिका से व्यापार हमारी बहनों के सिंदूर से ज्यादा कीमती था कि मोदी ने सेना और देश को धोखा दिया।
आतिशी ने देश की सेना को सलाम करते हुए कहा कि सेना ने दिन-रात नहीं देखी। पाकिस्तान और आतंकवादियों में कोई अंतर नहीं है। पाकिस्तान आतंकवादियों को शरण देता है। जब भारत की तरफ से पहला हमला हुआ और आतंकवादियों की मौत हुई तो पाकिस्तान के सारे बड़े अफसर और नेता आतंकवादियों के परिवारों के साथ दिखे। यह स्टेट स्पांसर टेररिज्म था। हमारी सभी सेनाओं ने एकजुट होकर पाकिस्तान के अंदर घुस कर आतंकवादियों को मारा। पूरी दुनिया ने देखा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी वायु, नौसेना का अपर हैंड था। हमारी सेना हमले पर हमला कर पाकिस्तान के एयर बेस को भारी नुकसान पहुंचाया।
सावन के आखिरी सोमवार, सीएम ने किया रुद्राभिषेक
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अशोक विहार फेज-वन स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर में अपने पति के साथ रुद्राभिषेक किया। इस विशेष अनुष्ठान के माध्यम से उन्होंने दिल्ली वालों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और आत्मिक शांति के लिए प्रार्थना की। पूजन विधि के तहत मुख्यमंत्री ने शिवलिंग का दुग्धाभिषेक किया और गंगाजल, घी, दही, शक्कर एवं अन्य पवित्र सामग्रियों से भगवान रुद्र की आराधना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावण का यह पुण्य अवसर हमें श्रद्धा, सेवा और संस्कृति के मूल्यों को पुन: जागृत करने का सशक्त माध्यम देता है। भगवान शिव के चरणों में यह रुद्राभिषेक राजधानी में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और शांति की भावना को सुदृढ़ करने हेतु किया गया है।



