डिग्री केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहे: एलजी संधू

गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का 18वां दीक्षांत समारोह, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और सीएम रेखा गुप्ता ने सौंपीं 26,649 डिग्रियां। एलजी ने कहा इस बदलते दौर में आपकी शिक्षा केवल डिग्रियों और किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसमें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अनुकूलनशीलता, तार्किक सोच और इनोवेशन का साहस होना अनिवार्य है।

Share This Article:

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा दीक्षांत समारोह केवल एक शैक्षणिक यात्रा का समापन नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की दिशा में हजारों नई यात्राओं का शुभारंभ है। आज का युवा एक ऐसे दौर में कदम रख रहा है, जहां एआई और सस्टेनेबल इनोवेशन जैसी तकनीकें दुनिया को नया आकार दे रही हैं। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल एक शैक्षणिक उपलब्धि नहीं, बल्कि छात्रों के वर्षों के कठिन परिश्रम, अटूट समर्पण और कड़े अनुशासन का प्रतिफल है। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता गुरुवार को गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के 18वें दीक्षांत समारोह में यह बात कही। इस मौके पर उन्हेंने 26,649 डिग्रियां छात्र-छात्राओं को सौंपा।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने छात्रों से आह्वान करते हुए कहा कि इस बदलते दौर में आपकी शिक्षा केवल डिग्रियों और किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसमें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अनुकूलनशीलता, तार्किक सोच और इनोवेशन का साहस होना अनिवार्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन को साकार करने के लिए देश को ऐसे समाधानकर्ताओं की आवश्यकता है, जो शहरी विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य और डिजिटल गवर्नेंस जैसी जटिल चुनौतियों का प्रभावी समाधान निकाल सकें।

दिल्ली और भारत का भविष्य इन प्रतिभाशाली युवाओं के हाथों में सुरक्षित है

गुरु गोबिंद सिंह की महान शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि ज्ञान न्याय और सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा को केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि न मानकर, इसे समाज और राष्ट्र के प्रति एक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली और भारत का भविष्य इन प्रतिभाशाली युवाओं के हाथों में सुरक्षित है, जो अपने साहस, उद्देश्य और समर्पण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज स्नातक हो रहे युवा ही विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने वाले वास्तविक सारथी हैं। आपकी प्रतिभा और सामर्थ्य ही देश को वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा का उपयोग न केवल व्यक्तिगत प्रगति के लिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए भी करें।

मुख्यमंत्री ने एआई, रोबॉटिक्स, डेटा साइंस और डिजाइन इनोवेशन को सराहा

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय द्वारा एआई, रोबॉटिक्स, डेटा साइंस और डिजाइन इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से अटल इन्क्यूबेशन सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि 170 से अधिक स्टार्टअप्स को समर्थन देकर विश्वविद्यालय युवाओं को जॉब सीकर के बजाय जॉब क्रिएटर बना रहा है।
दिल्ली का शिक्षा बजट 19,326 करोड़ रुपये तक पहुंच गया

सरकार की प्राथमिकताओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष दिल्ली का शिक्षा बजट 19,326 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य केवल स्कूलों को स्मार्ट बनाना ही नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा में भी विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करना है। दिल्ली सरकार जेईई, नीट और सीएलएटी जैसी परीक्षाओं के लिए 2,200 से अधिक छात्रों को निःशुल्क कोचिंग प्रदान कर रही है।

कुल 26,649 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं

दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 26,649 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 22,932 स्नातक, 3,582 स्नातकोत्तर, 11 एम. फिल. और 124 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इस वर्ष की सबसे गौरवशाली उपलब्धि पीएचडी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में महिलाओं की 70 प्रतिशत भागीदारी रही। इसके अतिरिक्त, 76 गोल्ड मेडल और 6 मेमोरियल अवॉर्ड्स भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए।

Sanjay Rai

sanjayrai.dj@gmail.com

संजय राय ने बीते 25 साल के प्रोफेशनल कैरियर में स्वास्थ्य, अपराध, शिक्षा, विकास समेत सभी बीट की कवरेज की है। दिल्ली सरकार, विधानसभा की कार्यवाही, भाजपा, कांग्रेस, आप सरीखे राजनीतिक दलों के साथ सामाजिक-सांस्कृतिक व आंदोलनात्मक गतिविधियों को भी कवर किया है। कई सत्रों में संसद की कार्यवाही पर भी कलम चलाई है। फिलवक्त NewG India में बतौर सीनियर स्पेशल काॅरेस्पोंडेंट अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

https://x.com/DjSanjayrai

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

न्यूज़लेटर के लिए सब्सक्राइब करें

कैटेगरीज़

हम वह खबरची हैं, जो खबरों के साथ खबरों की भी खबर रखते हैं। हम NewG हैं, जहां खबर बिना शोरगुल के है। यहां news, without noise लिखी-कही जाती है। विचार हममें भरपूर है, लेकिन विचारधारा से कोई खास इत्तेफाक नहीं। बात हम वही करते हैं, जो सही है। जो सत्य से परामुख है, वह हमें स्वीकार नहीं। यही हमारा अनुशासन है, साधन और साध्य भी। अंगद पांव इसी पर जमा रखे हैं। डिगना एकदम भी गवारा नहीं। ब्रीफ में यही हमारा about us है।

©2025 NewG India. All rights reserved.