पटना। बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के पहले चरण का चुनाव महज कुछ ही दिन बचे हैं. लेकिन बिगड़े मौसम मिज़ाज के बावजूद नेताओं का अपनी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में वोट मांगने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है. इसी कड़ी में आज महागठबंधन में भाकपा की ओर से बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी शिव कुमार यादव के समर्थन में वोट की अपील की गई।
तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने दावा किया है, कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और तेजस्वी यादव नए मुख्यमंत्री होंगे. शनिवार को बिहारशरीफ के पार्टी कार्यालय पहुंचे डी राजा ने कहा कि बिहार का जनादेश देश की राजनीति पर गंभीर असर डालेगा. उन्होंने जदयू-भाजपा सरकार को ‘जनविरोधी’ और उनके शासन को ‘कुशासन’ करार दिया.
झूठ बोल रहे हैं पीएम
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी झूठ बोल रहे हैं और उन्हें ‘तीसरे दर्जे के राजनेता’ की तरह नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार करना चाहिए. उन्होंने तमिलनाडु में बिहारियों की असुरक्षा वाले ब्यान को गैर-जिम्मेदाराना बताया है. डी राजा ने कहा कि योगी आदित्यनाथ बिहार के लोगों को उपदेश देने आते हैं, जबकि वह खुद उत्तर प्रदेश में सुशासन और कानून-व्यवस्था देने में पूरी तरह विफल रहे हैं.
बिहार बचाओ
डी राजा ने कहा कि भाजपा-आरएसएस का गठजोड़ देश के संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए बड़ा खतरा है. उन्होंने “बदलो सरकार, बचाओ बिहार” का नारा देते हुए कहा कि जनता ने इस नारे को अपना लिया है. महागठबंधन में कुछ सीटों पर (कांग्रेस और भाकपा के) आपसी टकराव के सवाल पर उन्होंने कहा कि गठबंधनों में एक-दो सीटों पर ऐसी समस्याएं आती हैं, लेकिन इसे तूल नहीं देना चाहिए.
ये भी पढ़ें-प्रतिशोध की चिंगारी से निकला नारा…बेचो सोना, लोहा खरीदो
बाहरी-स्थानीय की लड़ाई
आपको बताते चलें कि महागठबंधन की ओर से बिहारशरीफ विधानसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार उमैर खान को बनाया गया है. जबकि भाकपा के शिव कुमार यादव का दावा है कि वह महागठबंधन की ओर से प्रत्याशी चुने गए हैं. उमैर खान बाहरी हैं. हमारा सारा कुछ इसी जिले से है. इस तक़रार के बीच महागठबंधन के समर्थकों में आज भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है…
रिपोर्टर – मो. महमूद आलम



