पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर घमासान मचा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने आरजेडी को अंतिम अल्टीमेटम दे दिया है कि अगर आज सीट बंटवारे पर फैसला नहीं हुआ, तो पार्टी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी। इस बीच खबर यह भी है कि दिल्ली में आज तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की मुलाकात हो सकती है, ताकि सीट बंटवारे के मसले को अंतिम रूप दिया जा सके। हालांकि, अंदरखाने की खबर यह है कि कई सीटों पर टकराव अब भी जारी है।

मुकेश सहनी भी नाराज!
इधर, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी भी अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बेचैन नजर आ रहे हैं।
उन्होंने बीते 16 घंटे पहले एक्स (ट्विटर) पर लिखा “14 नवंबर को हम बिहार में ऐसी सरकार बनाएंगे, जहाँ हर वर्ग को उसका हक और सम्मान मिलेगा।”
हालांकि, उनके पोस्टर में महागठबंधन के किसी भी नेता की तस्वीर नहीं थी। इससे राजनीतिक गलियारों में कयास तेज हो गए हैं कि मुकेश सहनी महागठबंधन छोड़ सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, एनडीए ने मुकेश सहनी के लिए 5 सीटें रिजर्व रखी हैं और इसी पर फिलहाल दिल्ली में चर्चा चल रही है।
यह भी पढ़ेंः नगरीय क्षेत्र किसी भी राज्य के विकास के “इंजन” होता है
गठबंधन पर संकट के बादल
कांग्रेस और वीआईपी दोनों के नाराज होने के बाद महागठबंधन में दरार के संकेत साफ दिख रहे हैं। कल ही कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को चेतावनी दी थी कि अगर सीट बंटवारा तय नहीं होता, तो पार्टी अपने उम्मीदवार घोषित कर देगी। अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या तेजस्वी यादव, राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कांग्रेस को मना पाएंगे या फिर महागठबंधन टूटने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।



