पटना: नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार की सत्ता पर काबिज होने के लिए मैदान में हैं। इस बार सत्ता वापसी का उनका रथ उस जमीन से आया है, जहां के युद्ध क्षेत्र में सहस्राब्दियों पहले भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन के सारथी बने थे। हरियाणा से लाए गए रथ पर सवार होकर सीएम ने 2025 में सत्ता वापसी की रणभेरी बजा दी है। निश्चय रथ नाम के इस रथ में कई खूबियां हैं, जिससे पूरे बिहार का छानना उनके लिए आसान होगा।
सीएम चुनाव प्रचार के दौरान इसमें सवार होकर रोड शो, विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण और लोगों से सीधा जनसम्पर्क करेंगे। इसके फोकस में आधी आबादी का रखा गया है। तभी इसका स्लोगन ‘बहन-बेटियों के सपने साकार, धन्यवाद नीतीश कुमार’ है। 26 जुलाई शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहली बार मधुबनी में इस रथ की सवारी की। इससे पहले यह रणनीति राजद सुप्रीमो पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के चुनाव प्रचार में नजर आती थी। लालू यादव ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस विशेष रथ का इस्तेमाल किया था।
लोस चुनाव में भी किया था इस्तेमाल
2024 लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री ने पहली बार निश्चय रथ में सवार होकर चुनाव प्रचार किया था। हालांकि, उस समय रथ की तस्वीर अलग थी। लोकसभा चुनाव में रथ पर तरफ रोजगार मतलब नीतीश सरकार और दूसरी तरफ पूरा परिवार हमारा बिहार लिखा हुआ था। इसका नाम उस समय भी निश्चय रथ ही रखा गया था।
रथ पर सिर्फ नीतीश कुमार की फोटो
विशेष रथ का इस्तेमाल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता ही करेंगे। एक वरिष्ठ जदयू नेता ने बताया कि रथ का इस्तेमाल सिर्फ मुख्यमंत्री रोड शो के दौरान करेंगे। यह रथ बिहार के अलग-अलग विधानसभाओं में घूमेगा।

निश्चय रथ की खासियत
निश्चय रथ में चारों तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर लगी है। इस पर स्लोगन लिखा हुआ, ‘बहन-बेटियों के सपने साकार, धन्यवाद नीतीश कुमार।’ विशेष रथ में एक आरामदायक सीट व 4 एडजस्टेबल सीट है। इसमें मुख्यमंत्री के साथ उनके सहयोगी भी बैठ सकते हैं। रथ में एयर कंडीशनिंग और हीटिंग सिस्टम लगा है। यह जरूरत के मुताबिक तापमान को एडजस्ट करेगा।
हाइड्रोलिक सिस्टम
विशेष रथ हाइड्रोलिक सिस्टम भी लगा हुआ है। जिसका उपयोग करके मुख्यमंत्री छत पर पहुंचेंगे। छत को रेलिंग से घेरा गया है। स्टील की चमचमाती रेलिंग की ऊंचाई चार फीट से अधिक है। रथ के छत पर फ्लड लाइट लगी है। इसका इस्तेमाल रात में किया जा सकेगा। इस विशेष रथ में निजता का खास ध्यान रखा गया है। इसके लिए टिंटेड विंडो और पर्दे जो मुख्यमंत्री को बाहरी दुनिया से अलग रखेगा। रथ का इंटीरियर आरामदायक है, जिसे उच्च गुणवत्ता वाले सामान के साथ डिजाइन किया गया है।



