नई दिल्ली। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय देते हुए 30वीं CAPFs NHRC वाद-विवाद प्रतियोगिता 2025 में लगातार 12वीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। नई दिल्ली स्थित अटल ऊर्जा भवन में आयोजित फाइनल मुकाबले में CISF ने सभी श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए यह प्रतिष्ठित रोलिंग ट्रॉफी अपने नाम की। इस प्रतियोगिता में कुल 6 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के 24 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिनमें CISF की जीत उसकी प्रोफेशनल उत्कृष्टता और निरंतरता को दर्शाती है।

इस वर्ष की प्रतियोगिता का आयोजन सशस्त्र सीमा बल (SSB) द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के माननीय न्यायमूर्ति वी. रामसुब्रमणियन उपस्थित रहे, जिन्होंने CISF टीम को विजेता ट्रॉफी प्रदान की। CISF के असिस्टेंट कमांडेंट मयंक वर्मा ने हिन्दी श्रेणी (विपक्ष) में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि असिस्टेंट कमांडेंट अरुंधति वी. ने अंग्रेज़ी श्रेणी (विपक्ष) में पहला स्थान प्राप्त कर बल का गौरव बढ़ाया। दूसरी ओर, हिन्दी श्रेणी में असम राइफल्स दूसरे और BSF तीसरे स्थान पर रहे, जबकि अंग्रेजी श्रेणी में असम राइफल्स दूसरे और NSG तीसरे स्थान पर रहे।
यह भी पढ़ेंः भारत ने राक्षसी वृत्ति को आतंकवाद के रूप में माना:सीएम योगी
CISF की इस शानदार उपलब्धि में हैदराबाद स्थित राष्ट्रीय औद्योगिक सुरक्षा अकादमी (NISA) के उत्कृष्ट प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। NISA के प्रशिक्षकों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन ने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास, स्पष्टता और प्रभावी अभिव्यक्ति में निखार प्रदान किया। लगातार 12 वर्षों से इस ट्रॉफी पर अपना कब्जा बनाए रखना CISF अधिकारियों की दक्षता, कड़ी मेहनत और उच्च स्तर की तैयारी का प्रमाण है, जो उन्हें CAPFs में अग्रणी बनाता है।



