नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी में सोमवार को पहली बार राजद सुप्रीमो लालू यादव चुनाव प्रचार करने निकले। उन्होंने दानापुर से राजद प्रत्याशी रीतलाल यादव के लिए रोड शो किया। रीतलाल यादव 50 लाख रुपये की रंगदारी मामले में जेल में बंद हैं तो ऐसे में उनकी बेटी इस रोड शो में शामिल हुईं।
सरकार बदलेगी
लालू यादव का रोड शो दीघा से शुरू होता है और 15 किलोमीटर दूर खगौल तक जाते हैं। लालू की गाड़ी में दीघा विधानसभा से CPI उम्मीदवार दिव्या गौतम भी दिखाईं दी। रोड शो के दौरान लालू ने कहा कि चुनाव प्रचार बहुत अच्छा चल रहा है। महागठबंधन जीतेगा। भारी भीड़ जुट रही है। तेजस्वी को जनता का प्यार मिलेगा और वो सीएम बनेंगे। 14 नवंबर को राज्य में सरकार बदल जाएगी।
रीतलाल यादव पर ये आरोप
रीतलाल यादव ने 17 अप्रैल, 2025 को दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था, जिसके बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेउर जेल भेज दिया गया था। विधायक पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और बिल्डर कुमार गौरव को धमकाने का आरोप है। इस संबंध में खगौल थाना क्षेत्र में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। लगभग दो महीने पहले, राजद विधायक को सुरक्षा कारणों से पटना की बेउर जेल से भागलपुर स्थित विशेष केंद्रीय कारागार में स्थानांतरित कर दिया गया था। रीतलाल यादव को उच्च सुरक्षा वाले तृतीय खंड के टी-सेल में रखा गया है।
ये भी पढ़ें-नीतीश की नहीं सुन रहा कोई…BJP पर बरसीं प्रियंका
दानापुर हॉट सीट
बीजेपी ने दानापुर से रामकृपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। उनके प्रचार में बीजेपी ने अपने बड़े-बड़े सियासी दिग्गजों को उतार रखा है। वहीं रीतलाल यादव की तरफ से उनके परिवार के लोग, जिसमें उनकी पत्नी, बेटी और भाई जुटे हुए हैं।



