पटना: जानीपुर थाना क्षेत्र के नगमा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। इसने न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे गांव को हिलाकर रख दिया। स्कूल से घर लौटे सगे भाई-बहन, 12 वर्षीय अंश कुमार और 16 वर्षीय अंजली कुमारी को उनके ही घर में जिंदा जला दिया गया। इस क्रूर और नृशंस हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया। बच्चों की मां शोभा देवी जब दोपहर ढाई बजे पटना एम्स से घर लौटीं, तो उनके सामने का दृश्य ऐसा था। उनकी चीखें आसमान को चीर गईं। घर में चारों तरफ धुआं और जलने की दुर्गंध फैली थी। उनके दोनों बच्चे, जो कुछ देर पहले तक हंसते-खेलते स्कूल से लौटे थे, अब इस दुनिया में नहीं थे।
मां की चीखों ने गांव को झकझोरा
शोभा देवी पटना एम्स में सुरक्षा गार्ड का काम करती हैं। उनके पति ललन गुप्ता निर्वाचन आयोग में अस्थायी कर्मचारी हैं। जब यह घटना हुई थी, तो दोनों अपने काम गए थे। अपनी ड्यूटी पूरी कर जब शोभा घर पहुंचीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अपने दोनों बच्चों का जला शव देखकर उनकी चीखें गूंज उठीं। पड़ोसियों ने बताया कि शोभा बार-बार अपने बच्चों का नाम पुकार रही थीं, “अंश… अंजली… मेरे बच्चे कहां हो ?” मगर जवाब में केवल सन्नाटा और जलने की दुर्गंध थी। शोभा की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी और गांववाले दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते गांव में कोहराम मच गया। हर आंख नम थी, हर दिल सवालों से भरा था। सवाल हर तरफ यही था कि आखिर कौन इतना क्रूर हो सकता है, जो दो मासूम बच्चों को इस तरह मौत के घाट उतार दिया?
गांव में गुस्सा, सड़क पर प्रदर्शन
इस घटना से नगमा गांव के लोगों को गुस्सा भड़क गया। नाराज ग्रामीणों ने जानीपुर-फुलवारी मार्ग को ढाई घंटे तक जाम कर दिया। टायर जलाकर और नारेबाजी करते हुए लोगों ने इस निर्मम हत्या के खिलाफ अपना विरोध प्रकट किया। प्रदर्शनकारी हत्यारों को फांसी दो और न्याय दो जैसे नारे लगा रहे थे। सूचना मिलते ही जानीपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र भीड़ को समझा बुझाकर शांत कराया।
फॉरेंसिक टीम ने सैंपल उठाए
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया। सिटी एसपी, पश्चिमी, भानू प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि बच्चों को आग लगाकर जानबूझकर मारा गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। इस बात की भी जांच कर रही है कि यह हत्या है या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा? या फिर कोई और साजिश?
इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस ने पूरे गांव में भारी संख्या में पुलिस को बल तैनात किया है। घटनास्थल से मिले सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस वक्त घर के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति तो नहीं देखा गया।
पुलिस की अपील
सिटी एसपी भानू प्रताप सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा, हम इस मामले को पूरी गंभीरता से ले रहे हैं। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। अगर किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी है, तो वह पुलिस से संपर्क करे।




Dukhad Ghatna 😞