पटना: बीजेपी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस हाई-प्रोफाइल सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा जैसे शीर्ष नेताओं के नाम शामिल हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी जैसे दिग्गजों को भी प्रचार की कमान सौंपी है।
बिहार चुनाव: BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट!
— NewG (@newGindia) October 16, 2025
🔹पार्टी ने कई दिग्गजों को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी की है, जिनमें प्रधानमंत्री से लेकर शीर्ष केंद्रीय नेता शामिल हैं।#BiharElections | #BJP pic.twitter.com/QlOq8xsIMA
भोजपुरी सितारों की धूम
बीजेपी ने बिहार में वोटरों को आकर्षित करने के लिए चार लोकप्रिय भोजपुरी सितारों को भी स्टार प्रचारक बनाया है। इस लिस्ट में हाल ही में पार्टी में शामिल हुए पवन सिंह के साथ-साथ सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का नाम भी शामिल है। ये चारों कलाकार बिहार चुनाव में बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे।
पांच राज्यों के मुख्यमंत्री करेंगे प्रचार
पार्टी ने बिहार चुनाव में पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी मैदान में उतारा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रचारकों की सूची में हैं। बताया जा रहा है कि योगी आदित्यनाथ की सबसे ज्यादा रैलियां होने की संभावना है, क्योंकि उनकी सभाओं के लिए प्रत्याशियों में भारी मांग है।
ये भी पढ़ेंः राजद-कांग्रेस ने शुरू की ‘बुरके’ की शरारतः योगी
वरिष्ठ नेताओं को भी उतारा
स्टार प्रचारकों की लिस्ट में केंद्रीय मंत्रियों में शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, गिरिराज सिंह, स्मृति ईरानी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे व रवि शंकर प्रसाद का नाम भी है। बिहार बीजेपी के प्रमुख चेहरे जैसे सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, रेणु देवी, प्रेम कुमार, नित्यानंद राय और राधा मोहन सिंह भी प्रचार करेंगे। पार्टी ने बिहार के दिग्गज नेता राजीव प्रताप रूडी, संजय जायसवाल और नंद किशोर यादव को भी शामिल किया है।



