पटना। नौबतपुर स्थित वेलकम रिजॉर्ट में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में राज्य के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प अब जन-जन का संकल्प बन चुका है। उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में दरभंगा, सारण, फतुहा और सीतामढ़ी सहित विभिन्न जिलों के भ्रमण के दौरान यह स्पष्ट अनुभव हुआ है कि जनता देश में हुए सकारात्मक बदलावों को महसूस कर रही है।
सहकारिता मंत्री बोले
यादव ने कहा कि विकसित बिहार का मार्ग ही विकसित भारत की ओर जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विकसित भारत के निर्माण में बिहार अग्रणी भूमिका निभाएगा। बिहार की युवा शक्ति, कृषि संसाधन, सहकारिता आंदोलन और उद्यमशीलता इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों को विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष बताते हुए कहा कि पारदर्शी शासन, आधारभूत संरचना के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने देश को नई दिशा दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि और हर घर जल जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा है। इसके साथ ही उन्होंने डिजिटल इंडिया, यूपीआई, स्टार्टअप और नवाचार आधारित पहलों को भारत की वैश्विक पहचान मजबूत करने वाला बताया।
राज्य के सहकारिता विभाग की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि विभाग किसानों, पैक्सों और उत्पादक समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। वेजफेड के माध्यम से पूरे बिहार में सुधा की तर्ज पर सब्जी आउटलेट्स का नेटवर्क विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में सहकारी क्षेत्र में नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए प्राथमिक सहकारी समितियों के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के लिए भी विभाग द्वारा समितियों के साथ समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं। अंत में उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य सरकार, संगठन और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



