पटना : विधानसभा चुनाव से पहले बिहार पुलिस आधुनिक हथियारों और स्मार्ट पुलिसिंग के उपकरणों से लैस होगी। इसके लिए केंद्र प्रायोजित योजना एसिस्टेंस टू स्टेट्स एंड यूटी फॉर मॉडर्नाइजेशन ऑफ पुलिस (एएसयूएमपी) के तहत राज्य को फंड मिलेगा, जिसमें 60 फीसदी राशि केंद्र और 40 फीसदी राज्य अपने स्तर से खर्च करेगी। यह जानकारी एडीजी (आधुनिकीकरण) सुधांशु कुमार ने दी।
सुधांशु कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए बताया कि इस राशि में आवश्यक प्रौद्योगिकी (तकनीक), वाहन, संचार उपकरण एवं अन्य आवश्यक उपकरणों से पुलिस बल को सुसज्जित करने के साथ ही आधुनिक सुविधा युक्त बनाने की कवायद शुरू की गई है। हथियार के अतिरिक्त पुलिस को स्मार्ट बनाने के लिए कई आधुनिक उपकरणों या तकनीक की खरीद चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही करने की तैयारी है। इसके लिए करीब 66 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जिसका उपयोग गृह विभाग से मंजूरी के बाद किया जाएगा।
176 नए थानों में लगाए जा रहे सीसीटीवी
सुधांशु ने बताया कि राज्य योजना के अंतर्गत पुलिस के विभिन्न प्रभागों को सुदृढ़ करने के लिए अलग-अलग राशि मंजूर की गई है। राज्य के 1212 थानों में अभी सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। जबकि 176 नए थानों में इन्हें लगाने की कवायद शुरू कर दी गई है, जिसके लिए 280 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इन्हें लगाने की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।
इसको भी पढ़ें: चुनाव से पहले बिहार पुलिस की सख्ती, 6.86 लाख लोगों को मिला नोटिस
इन प्रभागों को दी गई इतनी राशि
स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप: आगामी विधानसभा के मद्देनजर तथा प्रशिक्षण एवं सुरक्षा कार्य के लिए 21.37 करोड़ रुपये के उपकरणों या उपस्करों की खरीद की स्वीकृति दी गई है।
बम स्कॉयड: सुरक्षा प्रभाग के तहत बम निरोधक दस्ता (क्षेत्रीय बम निरोधक दस्ता) को सुदृढ़ करने के लिए 20 करोड़ 57 लाख रुपये से उपकरण या उपस्कर की खरीद की स्वीकृति दी गई है। वर्तमान में 10.57 करोड़ जारी किए गए हैं।
एसटीएफ: इस प्रभाग को मजबूत करने के लिए 6.28 करोड़ के उपकरण खरीदे जाएंगे
ईओयू: साइबर अपराध का अनुसंधान करने और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस इकाई को सुदृढ़ करने और साइबर सुरक्षा की दिशा में सक्रिय एवं प्रो-एक्टिव कार्रवाई करने के लिए सुरक्षा ऑपरेशन सेंटर तैयार किया जाएगा। इसके लिए 14.75 करोड़ रुपये के साइबर उपकरण या उपस्कर की खरीद होगी।
बीएसएपी: बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की विभिन्न वाहिणी को सुदृढ़ करने के लिए 6.60 करोड़ के उपकरण की खरीद के लिए यह राशि जारी की गई है।
रेल पुलिस: रेल जिलों को हर तरह से मजबूत करने के लिए 44 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
स्पेशल ब्रांच: आसूचना संकलन एवं प्रशिक्षण कार्य के लिए 91 लाख रुपये के कई आधुनिक उपकरण की खरीद होगी।




