पटना: बिहार में अपराध पर नकेल कसने की तैयारी के बीच सरकार ने बड़ा एक्शन दिखाया है। नए गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को ही संकेत दिया था कि राज्य में अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई होने वाली है और पुलिस का पूरा प्लान तैयार है। उनके बयान के कुछ ही घंटे बाद शनिवार सुबह पटना, पूर्णिया और मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों की जेलों में एक साथ छापेमारी शुरू कर दी गई।
आज दिनांक 29 नवंबर 2025 को जिलाधिकारी सारण श्री अमन समीर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के नेतृत्व में मंडल कारा, छपरा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सुरक्षा व्यवस्था, कैदियों की निगरानी, कर्मियों की ड्यूटी तत्परता, सीसीटीवी सिस्टम एवं आंतरिक नियंत्रण तंत्र की… pic.twitter.com/wneQ9DT7MR
— SARAN POLICE (@SaranPolice) November 29, 2025
बेऊर जेल में तीन घंटे तक तलाशी
पटना प्रशासन की टीम सुबह-सुबह बेऊर जेल पहुंची और करीब तीन घंटे तक जेल के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली। इसी जेल में मोकामा के जेडीयू विधायक और दुलारचंद यादव हत्याकांड के आरोपी अनंत सिंह भी कैद हैं। सूत्रों से जानकारी मिली है कि अनंत सिंह के वकीलों ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर की है, जिसमें विधानसभा में 1 से 5 दिसंबर के बीच शपथ ग्रहण के लिए उन्हें अनुमति देने की मांग की गई है।
महिला और पुरुष वार्डों में गहन जांच
छापेमारी के दौरान बंदियों को उनके वार्डों में बंद रखा गया और जेल परिसर में भारी पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और विशेष टीमों को तैनात किया गया। यह अभियान सिटी एसपी पूर्वी, सिटी एसपी मध्य और एडीएम के नेतृत्व में चलाया गया। इसी तरह पूर्णिया सेंट्रल जेल में ADM राजकुमार गुप्ता के नेतृत्व में सुबह 5:10 बजे तलाशी अभियान चलाया गया। महिला और पुरुष वार्डों की दो घंटे चली जांच में कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला।
यह भी पढ़ेंः भारतीय नौसेना के MH-60R हेलीकॉप्टरों के लिए 7,995 करोड़ का समझौता
उधर, मुजफ्फरपुर में डीएम सुजय कुमार सेन ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जेल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। डीएम ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि जहां भी कमियां हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जाए।



