वैशाली। बिहार की सबसे वीआईपी सीट राघोपुर, जहां लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, वहां अब मुकाबला दिलचस्प हो गया है। तेजस्वी यादव ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है, वहीं भाजपा ने भी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी है। भाजपा ने तेजस्वी यादव के सामने सतीश यादव को मैदान में उतारा है।
सतीश यादव ने राबड़ी देवी को हराया था
राघोपुर सीट का प्रतिनिधित्व लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव तीनों कर चुके हैं। राबड़ी देवी बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री बनी थीं, जब उनके पति लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले में गिरफ्तारी के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। उन्होंने 25 जुलाई 1997 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वर्ष 2005 तक बिहार का शासन संभाला था।
राघोपुर क्षेत्र बना हॉट सीट
साल 2010 के विधानसभा चुनाव में राबड़ी देवी को राघोपुर सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के उम्मीदवार सतीश यादव ने उन्हें 13,600 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया था। इस हार के बाद लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने तेजस्वी यादव को राघोपुर से चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया। वर्तमान में सतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं।
यह भी पढ़ेंः बिहार चुनाव में CM योगी की एंट्री, सीमांचल और कोशी क्षेत्र में करेंगे जनसभा
राघोपुर सीट पर यादव परिवार का लंबा राजनीतिक इतिहास रहा है। लालू प्रसाद यादव ने इस सीट से दो बार चुनाव जीतकर विधायक और दो बार मुख्यमंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व किया। राबड़ी देवी ने भी तीन बार इस सीट से जीत हासिल की और मुख्यमंत्री पद संभाला। उनके बेटे तेजस्वी यादव 2015 और 2020 में राघोपुर से चुनाव जीत चुके हैं और अब 2025 में तीसरी बार नामांकन दाखिल कर चुके हैं। वे उपमुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता दोनों रह चुके हैं।



