नालंदा: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान को लेकर नालंदा जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बुधवार को मुख्यालय बिहारशरीफ स्थित सोगरा उच्च विद्यालय के प्रांगण से मतदान कर्मी अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। कर्मियों के साथ इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT) और अन्य आवश्यक मतदान सामाग्री भी भेजी गई।
जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों में कल, 6 नवंबर को मतदान होगा। इस बार नालंदा जिले में कुल 22 लाख 42 हजार 867 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ये मतदाता कुल 68 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। प्रशासन की ओर से जिले में कुल 2,765 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत इस बार प्रत्येक बूथ पर अधिकतम 1,200 मतदाता ही मतदान कर सकेंगे।
मंत्री भी रहे मौजूद
मतदान कर्मियों की रवानगी के दौरान नालंदा विधानसभा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और बिहार शरीफ विधानसभा से वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार मौजूद रहे। उन्होंने मतदान कर्मियों को शुभकामनाएं दीं और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त
जिले के सभी मतदान केंद्रों की सुरक्षा केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों को सौंपी गई है। जिला प्रशासन ने कहा है कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था न हो, इसके लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। साथ ही जिले में जोनल, सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों की निगरानी करेंगे। वरीय अधिकारी भी लगातार भ्रमणशील रहेंगे ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।
यह भी पढ़ेंः सम्राट-तेजस्वी समेत इन धुरंधरों की दांव पर किस्मत
ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि मतदान के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा हर विधानसभा क्षेत्र की गाड़ियों को कलर कोडिंग दी गई है ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने। पोल्ड EVM को ब्रज गृह तक सुरक्षित और तेजी से पहुंचाने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने।



