नई दिल्ली/पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आते ही राजधानी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल बन गया। एनडीए की ऐतिहासिक जीत ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। सबसे पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- “जनता ने जंगलराज के खिलाफ विकास को चुना है। यह बिहार की जनता का जनादेश है, जिसने एक बार फिर विश्वास दिखाया है।”
पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, लहराया गमछा
शाम 6 बजकर 51 मिनट पर जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, कार्यकर्ताओं में उत्साह और बढ़ गया। पीएम ने पारंपरिक गमछा लहराकर सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इसके बाद पूरा मुख्यालय ‘विकास की जीत’ के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने भी गमछा लहराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया।
बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत
बिहार में इस बार एनडीए ने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया है। कुल 243 सीटों वाली विधानसभा में गठबंधन ने 202 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो हाल के चुनावी इतिहास में एक बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। वहीं, महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर सिमटकर रह गया। बिहार में सरकार बनाने के लिए 122 सीटों की जरूरत होती है, लेकिन एनडीए ने इस आंकड़े को लगभग दोगुना कर दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया। समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया। मैंने जनता से रिकॉर्ड मतदान का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने कहा था कि NDA को प्रचंड बहुमत दें। बिहार की जनता ने इसे भी सही साबित किया। 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश NDA को मिला है। मैं बहुत विनम्रता से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। उन्हें नमन करता हूं।
जंगलराज और कट्टा सरकार पर हमला
मोदी ने अपने संबोधन में महागठबंधन पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब वह जंगलराज और ‘कट्टा सरकार’ की बात करते थे, तब आरजेडी खामोश रहती थी लेकिन कांग्रेस को यह बहुत चुभता था। मैं बार-बार कहता था अब कट्टा सरकार वापस नहीं आएगी।
कौन कितनी सीट जीता? एनडीए का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड
एनडीए में सीट बंटवारा इस बार बेहद संतुलित था। भाजपा और जदयू दोनों ने 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
- भाजपा – 91 सीटों पर जीत
- जदयू – 83 सीटों पर जीत
- लोजपा (LJP) – 19 सीटों पर जीत
- एचएएम (HAM) – 6 सीटों पर जीत
- आरएलएम (RLM) – 3 सीटों पर जीत
कुल एनडीए – 202 सीटें
इस परिणाम ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की जनता ने इस बार विकास, स्थिरता और नेतृत्व पर भरोसा जताया है।



