बेतिया (पश्चिम चंपारण): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर अब खुलकर मतभेद सामने आने लगे हैं। बेतिया जिले की नरकटियागंज विधानसभा सीट पर राजद और कांग्रेस, दोनों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। इससे गठबंधन में दरार की स्थिति बन गई है।
राजद ने दीपक यादव तो कांग्रेस ने शाश्वत केदार पांडे को दिया टिकट
इस सीट से राजद ने बगहा चीनी मिल के एमडी दीपक यादव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री केदार पांडे के पोते शाश्वत केदार पांडे को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। दोनों नेताओं ने मंगलवार को अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन के दौरान दोनों उम्मीदवारों के बीच मित्रवत माहौल देखने को मिला। दोनों ने एक-दूसरे से गले मिलकर शुभकामनाएं दीं, हालांकि राजनीतिक रूप से अब वे एक-दूसरे के प्रतिद्वंदी हैं। इस वजह से नरकटियागंज में अब महागठबंधन के दो घटक दल आमने-सामने होंगे।
गठबंधन के लिए बड़ा झटका- समर्थक
महागठबंधन के समर्थकों में इस घटनाक्रम से असमंजस की स्थिति है। समर्थक इसे गठबंधन के लिए खतरा बता रहे हैं। उनका कहना है कि इस तरह की ‘फ्रेंडली फाइट’ से विपक्षी एनडीए को सीधा फायदा मिल सकता है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने दो दिन पहले ही शाश्वत केदार पांडे को टिकट दिया था। पांडे इससे पहले वाल्मीकीनगर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं। वहीं राजद के दीपक यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव में भी इसी सीट से राजद के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
यह भी पढ़ेंः बिहार चुनाव: 121 सीटों पर 1314 उम्मीदवार मैदान में, पहले चरण का पूरा लेखा जोखा
‘महागठबंधन में सब कुछ ठीक है’
दोनों दलों के उम्मीदवारों ने इसे गठबंधन में मतभेद मानने से इनकार किया है। कांग्रेस उम्मीदवार शाश्वत केदार पांडे ने कहा महागठबंधन में सब कुछ ठीक चल रहा है। हम सब एक परिवार की तरह काम कर रहे हैं। जनता तय करेगी कि कौन बेहतर प्रतिनिधित्व करेगा। वहीं राजद उम्मीदवार दीपक यादव ने कहा कि यह महागठबंधन का एक प्रयोग है। कभी-कभी राजनीति में नए प्रयोग चमत्कार कर जाते हैं। जनता को चुनाव में ज्यादा विकल्प मिलना चाहिए।
अब नरकटियागंज विधानसभा सीट पर राजद बनाम कांग्रेस की फ्रेंडली फाइट देखने को मिलेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि इस सीट पर महागठबंधन के भीतर यह प्रतिस्पर्धा आने वाले दिनों में बिहार की सियासत में नई हलचल पैदा कर सकती है।



