नई दिल्ली: दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र के महावीर एनक्लेव पार्ट 3, सोलंकी चौक और पंखा रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। दौरे में एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने मंत्री को क्षेत्र में फैली समस्याओं से अवगत कराया।
एक ही कूड़ा घर होने से सफाई प्रभावित
महावीर एनक्लेव पार्ट 3 के निवासियों ने बताया कि इलाके में सिर्फ एक कूड़ा घर है, जहां कई वार्डों का कूड़ा डाला जाता है। इससे गंदगी बढ़ी है और सड़क की सफाई भी प्रभावित होती है। निवासियों ने यह भी शिकायत की कि कूड़े का सेग्रीगेशन नहीं हो रहा और ढलाव के आसपास कूड़ा फैला रहता है।

स्थिति को देखते हुए मंत्री सूद ने कूड़ा घर के मुख्य गेट को बंद कर दूसरी ओर से प्रवेश द्वार खोलने के निर्देश दिए। साथ ही, इलाके के कुछ हिस्सों का कूड़ा राजापुरी भेजे जाने के लिए डीसी (नजफगढ़) और डीसी (वेस्ट) को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने खाली पड़ी जमीन को जोड़कर कूड़ा घर का विस्तार करने की योजना तुरंत तैयार करने को कहा।
कूड़ा गाड़ियां कई गलियों में नहीं पहुंच रहीं
स्थानीय निवासियों ने बताया कि एमसीडी की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां कई गलियों में नहीं जातीं, जिससे घरों का कूड़ा नियमित रूप से नहीं उठ पाता। इस पर मंत्री सूद ने सफाई निरीक्षक को मौके पर ही चेतावनी देते हुए कहा कि हर गली में नियमित रूप से डिपर गाड़ियां भेजना सुनिश्चित करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी।
उन्होंने निवासियों से कहा कि वे एक चार्ट बनाकर प्रतिदिन नोट करें कि कौन-सी गली में कूड़ा गाड़ी समय पर आती है और हर महीने यह रिपोर्ट उन्हें भेजें। उन्होंने कहा कि इससे भ्रष्टाचार पर रोक लगेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।
पंखा रोड पर जमा मलबा
निरीक्षण के दौरान आशीष सूद ने पाया कि पंखा रोड पर एक स्थान पर बिल्डिंग मलबा पड़ा हुआ है, जिससे धूल प्रदूषण और अतिक्रमण हो रहा है। इस पर उन्होंने PWD के AE और JE को फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि मलबे को तुरंत C&D वेस्ट प्लांट में भेजा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस स्थान पर कोई मलबा न फेंका जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए।
सोलंकी पुल के फुटपाथ पर कूड़े के ढेर
शिक्षा मंत्री ने सोलंकी पुल के फुटपाथ और सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने देखा कि कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं और फुटपाथ टूटे हुए हैं। इस पर उन्होंने एमसीडी और पीडब्ल्यूडी को तुरंत सफाई करने और फुटपाथ की मरम्मत करने के निर्देश दिए।
आप सरकार पर आरोप
मंत्री सूद ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में आम आदमी पार्टी के विधायक और पार्षद होने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कूड़ा माफिया और ठेकेदारों की मिलीभगत के कारण कूड़ा व्यवस्था चरमरा गई थी। उन्होंने कहा कि नई सरकार मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए बड़ी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ेंः एंटीमाइक्रोबियल रेसिस्टेंस से निपटने के लिए नई राष्ट्रीय कार्ययोजना
जनकपुरी को दिल्ली का सबसे स्वच्छ क्षेत्र बनाने का संकल्प
शिक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां मिली हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनकपुरी क्षेत्र को दिल्ली का सबसे सुंदर और स्वच्छ क्षेत्र बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।



