पटना: बाहुबली नेता अनंत सिंह ने आज यानी 14 अक्टूबर को मोकामा सीट से नामांकन दाखिल किया। वो सफ़ेद रंग की थार से नॉमिनेशन के लिए पहुंचे थे। उनके कार को धक्का लगाकर स्टार्ट करना पड़ा था, गाड़ी गेंदों के फूलों से सजा हुआ था। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने अपने 25 हजार समर्थकों को खाना खिलाया। उन्होंने अपने समर्थकों के लिए सवा लाख गुलाब जामुन बनवाये थे। अनंत सिंह 35 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे।
अनंत सिंह का अनोखा अंदाज
अनंत सिंह जिस अंदाज में नामांकन दाखिल करने पहुंचे, वह चर्चा का विषय बना हुआ है। सफ़ेद थार में वो चमचमाती सफेद शर्ट-पैंट पहने हुए थे, आंखों पर काला चश्मा था और वही रौबीला अंदाज। ओपन जीप में वो जैसे ही पहुंचे, समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इलाका छोटे सरकार जिंदाबाद के नारों से गूंज रहा था।
5 बार विधायक रहे अनंत सिंह
अपने बयानों की वजह से चर्चा में रहने वाले अनंत सिंह दबंग बाहुबली नेता हैं। 2005 से अब तक 5 बार मोकामा से चुनाव जीत चुके हैं। इसमें 3 बार जदयू से, फिर निर्दलीय और 2020 में राजद से चुनाव लड़ा। सजा मिलने के बाद 2022 में उपचुनाव हुए तो उनकी पत्नी नीलम देवी चुनाव जीतीं। इस बार जदयू प्रत्याशी के तौर पर लड़ने जा रहे हैं। उनका मुकाबला अंडरवर्ल्ड में नाम बना चुके सूरजभान सिंह से हो सकता है। राजद के टिकट पर सूरजभान सिंह की पत्नी मोकामा से मैदान में हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें-झंझावातों से निकलकर एनडीए के ‘चिराग’ बने पासवान
मोकामा सीट
मोकामा विधानसभा सीट की बात करें तो जिला के हिसाब से यह पटना का हिस्सा है लेकिन लोकसभा क्षेत्र में मुंगेर के अंदर है। पारंपरिक रूप से इसे उत्तर बिहार का प्रवेश द्वार कहा जाता है। एक समय था जब मोकामा बिहार के औद्यौगिक केंद्रों में गिना जाता था। आज भी भारत का दूसरा सबसे बड़ा मसूर उत्पादक इलाका है। 1990 के दशक से यह सीट बाहुबलियों के प्रभाव में रही है। अवैध AK-47 रखने के मामले में जेल से बरी होने के बाद अनंत सिंह जदयू टिकट पर चुनाव लड़ने जा रहे हैं।



