लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और भारतीय जनता पार्टी की नेता अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान किया है। प्रतीक यादव ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए अपर्णा से रिश्ता खत्म करने की बात कही।
इंस्टाग्राम पोस्ट में गंभीर आरोप
प्रतीक यादव ने अपनी पोस्ट में अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि वह जल्द से जल्द तलाक लेने जा रहे हैं और उनकी मानसिक स्थिति इस समय ठीक नहीं है। पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि अपर्णा यादव बेहद ही स्वार्थी महिला हैं। उनकी वजह से उनका परिवार टूट गया।
2022 से रिश्तों में आई खटास
सूत्रों के मुताबिक प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के रिश्तों में खटास साल 2022 से शुरू हो गई थी। उसी वर्ष अपर्णा यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। बताया जा रहा है कि यह फैसला प्रतीक यादव की इच्छा के विरुद्ध था।
पहले भी सोशल मीडिया पर लगाए थे आरोप
प्रतीक यादव ने 5 फरवरी 2025 को भी सोशल मीडिया पर तीन पोस्ट किए थे, जिन्हें बाद में हटा लिया गया। इन पोस्ट में भी वैवाहिक जीवन को लेकर आरोप लगाए गए थे। इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव के भाई का कहना है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो सकता है और जल्द ही परिवार की ओर से आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा। अपर्णा यादव वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हैं और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
अपर्णा बिष्ट को जानिए
अपर्णा यादव का मूल परिवार उत्तराखंड से है। उनका विवाह से पहले नाम अपर्णा बिष्ट था। उनके पिता पत्रकार रहे हैं और बाद में राज्य सूचना आयुक्त बने, जबकि उनकी मां लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत रहीं। दोनों वर्तमान में रिटायर हैं।प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के इकलौते बेटे हैं। साधना गुप्ता पेशे से नर्स थीं। मुलायम सिंह यादव ने सार्वजनिक रूप से प्रतीक को अपना पुत्र स्वीकार किया था, हालांकि राजनीतिक उत्तराधिकारी के रूप में अखिलेश यादव को आगे बढ़ाया गया।
लव स्टोरी से हाई-प्रोफाइल शादी तक
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की प्रेम कहानी वर्ष 2001 में एक जन्मदिन समारोह के दौरान शुरू हुई थी। 4 दिसंबर 2011 को दोनों ने विवाह किया। सैफई (इटावा) में हुई इस शादी को उत्तर प्रदेश की सबसे हाई-प्रोफाइल शादियों में गिना जाता है। विवाह समारोह में मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन भी शामिल हुए थे। दंपति की दो बेटियां हैं और दोनों लखनऊ के विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास में रहते हैं।



