नई दिल्ली: आज AIMIM ने अपनी पहली सूची जारी कर दी। बिहार AIMIM अध्यक्ष अख्तरुल ईमान को अमौर से टिकट दिया गया है। इस सूची में दो हिंदू उम्मीदवार भी शामिल हैं-ढाका से राणा रणजीत सिंह और सिकंदरा से मनोज कुमार दास। मुस्लिम बहुल इलाकों में दो कट्टर हिंदू नेताओं को टिकट देकर पार्टी ने अपने विरोधियों को सतर्क कर दिया है।
दो हिंदुओं पर दांव
बता दें कि राणा रणजीत सिंह पूर्व भाजपा मंत्री रणधीर सिंह के भाई हैं। वे पिछले कुछ वर्षों से स्थानीय राजनीति में सक्रिय हैं। नामांकन के दिन उनकी उपस्थिति चर्चा का विषय रही। वो माथे पर तिलक, हाथ में जनेऊ और सिर पर मुस्लिम टोपी पहने नजर आए। नामांकन दाखिल करने से पहले उन्होंने “जय श्री राम”, “जय बजरंगबली” और “आई लव मोहम्मद” जैसे नारे लगाए।
इन पार्टियों के साथ गठबंधन
ओवैसी की पार्टी महागठबंधन के साथ गठबंधन करना चाहती थी लेकिन राजद और कांग्रेस की तरफ से दिलचस्पी नहीं दिखाई गई। महागठबंधन में शामिल न किए जाने के बाद असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज और स्वामी प्रसाद की पार्टी अपनी जनता पार्टी के साथ तीसरा मोर्चा बनाया है। इस गठबंधन को ‘ग्रैंड डेमोक्रेटिक एलायंस’ नाम मिला है।2020 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 5 सीटें जीती थी लेकिन चुनाव के बाद उनके 4 विधायक राजद में चले गए। सिर्फ अख्तरुल ईमान रह गए थे।
किधर जाएंगे मुस्लिम वोटर्स
बिहार में मुस्लिम वोटर्स परंपरागत रूप से महागठबंधन के पक्ष में वोट करते आते हैं। CSDS पोस्ट पोल सर्वे के मुताबिक पिछली चुनाव में 76 फीसदी मुस्लिम वोटर्स ने महागठबंधन को वोट दिया, जबकि 11 प्रतिशत में ओवैसी की पार्टी को। ओवैसी की पार्टी ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा और पांच पर जीत हासिल की। इन पांच में से चार सीटों पर एनडीए दूसरे स्थान पर रहा। अगर इस बार AIMIM महागठबंधन के मुस्लिम वोट बैंक में से कुछ इधर खिसका लेती है तो राजद को नुकसान उठाना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें-बिहार: PM मोदी 24 अक्टूबर से करेंगे चुनाव प्रचार की शुरुआत, जानिए पूरा शेड्यूल
14 नवंबर को रिजल्ट
बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी। महागठबंधन में अब तक सीटों का बंटवारा फाइनल नहीं हुआ है। वहीँ NDA में भाजपा-जदयू 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। लोजपा को 29, जीतन राम मांझी की पार्टी हम को 6 और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को भी 6 सीटें मिली है।



