भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय मडड्डा में एक सहायक शिक्षक द्वारा 5 छात्राओं की बर्बरतापूर्वक पिटाई का मामला सामने आया है। मंगलवार को शिक्षक संजय कुमार साह ने प्रार्थना के दौरान पांच छात्राओं को इतनी बेरहमी से पीटा कि वे बेहोश हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही अभिभावक और ग्रामीण आक्रोशित हो गए, जिसके बाद आरोपी शिक्षक और उनकी पत्नी मौके से फरार हो गए।
छात्राओं को जमीन पर पटककर पीटा
पीड़ित छात्राओं में से एक की मां ने बताया कि वह खेत में काम कर रही थीं, तभी ग्रामीणों ने उन्हें सूचना दी कि शिक्षक संजय कुमार साह ने उनकी बेटी सहित पांच छात्राओं को बुरी तरह पीटा है, जिससे वे बेहोश हो गई हैं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उनके बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया। घटना के बाद सभी छात्राओं को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्हौला में भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों ने स्कूल में की तालाबंदी
जब अभिभावकों ने इस मामले को लेकर शिक्षक संजय कुमार साह से सवाल किया, तो उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना जवाब देते हुए कहा, “क्या आप लोग अपने बच्चों को घर में नहीं पीटते?” इस जवाब से ग्रामीण और भी ज्यादा भड़क गए। उन्होंने तुरंत स्कूल में तालाबंदी कर दी और आरोपी शिक्षक को हटाने की मांग को लेकर प्रखंड प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपी।ग्रामीणों के इस विरोध के बाद आरोपी शिक्षक संजय साह और उनकी पत्नी, जो उसी स्कूल में शिक्षिका हैं, मौके से फरार हो गए।
जांच के आदेश और कार्रवाई का आश्वासन
घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शेखर सुमन ने तुरंत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अजेयेश्वर पांडेय को मामले की जांच के लिए विद्यालय भेजा। बीईओ को देखते ही आरोपी शिक्षक और उनकी पत्नी फिर से विद्यालय से भाग गए। बीईओ पांडेय ने अपनी जांच रिपोर्ट बीडीओ को सौंप दी है। बीडीओ सुमन ने बताया कि संजय कुमार साह पहले भी कई विवादों में शामिल रहे हैं और उन्हें पहले भी निलंबित किया जा चुका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



