पटना: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। सुबह 11 बजे तक बिहार में 27.65% मतदान हुआ है। बेगूसराय में सबसे अधिक 30.37 प्रतिशत और पटना में सबसे कम 23.71 % मतदान दर्ज किया गया है। पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान के साथ ही कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सहित नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला पहले चरण में होगा।
मतदाताओं उत्साह
लोकतंत्र के महापर्व में शहरी व ग्रामीण इलाकों की महिलाएं भी पीछे नहीं रहीं। परंपरा और संस्कृति का सम्मान करते हुए कई महिलाएं घुंघट में बूथ तक पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। धूप के बावजूद उनमें उत्साह दिखा रहा है। मतदान केंद्रों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी हैं। कई पहली बार वोट देने आईं युवतियां भी लोकतंत्र की मजबूती का हिस्सा बनीं। महिलाओं ने कहा कि उनका वोट विकास की दिशा तय करेगा। ग्रामीण इलाकों में घूंघट में भी जागरूकता और भागीदारी का यह नजारा लोकतंत्र के प्रति बढ़ते विश्वास की मिसाल रहा।



