नई दिल्ली: भारत के क्रिकेट इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी चमक से देश का नाम रोशन किया है। अब इन्हीं सितारों में से 8 वर्ल्ड चैंपियन (World Champions) खिलाड़ी एक बार फिर मैदान पर उतरने को तैयार हैं। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 (WCL 2025) के लिए टीम इंडिया (Team India) का 15 सदस्यीय दल घोषित कर दिया गया है। टूर्नामेंट इंग्लैंड में खेला जाएगा और भारत की कमान एक बार फिर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) के हाथों में होगी।
युवराज के नेतृत्व में 8 वर्ल्ड चैंपियंस की वापसी
टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2025) में लीडरशिप की जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले उन्होंने 2024 में भारत को पाकिस्तान (India vs Pakistan) को हराकर खिताब दिलाया था। इस बार भी उनकी अगुवाई में कई अनुभवी सितारे उतरेंगे, जिन्होंने 2007 T20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े ICC टूर्नामेंट्स में भारत को जीत दिलाई थी।
इनमें शामिल हैं:–
युवराज सिंह – 2007 और 2011 वर्ल्ड कप विजेता
हरभजन सिंह – 2007 और 2011 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा
सुरेश रैना – 2011 वर्ल्ड कप चैंपियन
इरफान पठान – 2007 T20 वर्ल्ड कप विजेता
यूसुफ पठान – 2007 T20 वर्ल्ड कप विजेता
रॉबिन उथप्पा – 2007 T20 वर्ल्ड कप विजेता
पीयूष चावला – 2011 वर्ल्ड कप टीम में रहे
शिखर धवन – 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के टॉप स्कोरर
भारत-पाक मुकाबला रद्द, ऑपरेशन सिंदूर बना वजह
20 जुलाई को भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच इस टूर्नामेंट का पहला मुकाबला होना था, लेकिन हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने सीमा पार जवाबी कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की। इसके साथ ही पाकिस्तान की ओर से रिहायशी इलाकों में ड्रोन हमलों के बाद दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव गहराया, जिसके चलते यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला रद्द कर दिया गया।
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने इस स्थिति में पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट खेलने से इनकार किया, वहीं शाहिद अफरीदी की टिप्पणियों पर शिखर धवन ने कड़ा पलटवार किया। भारतीय टीम ने पाकिस्तान के साथ किसी भी तरह की क्रिकेटिंग भागीदारी से साफ इनकार कर दिया, और आयोजकों को मजबूरी में मुकाबला रद्द करना पड़ा।
15 सदस्यीय टीम इंडिया स्क्वाड – WCL 2025
कप्तान: युवराज सिंह
खिलाड़ी: शिखर धवन, हरभजन सिंह, सुरेश रैना, इरफान पठान, यूसुफ पठान, रॉबिन उथप्पा, अंबाती रायुडू, पीयूष चावला, स्टुअर्ट बिन्नी, वरुण आरोन, विनय कुमार, अभिमन्यु मिथुन, सिद्धार्थ कौल, गुरकीरत मान
टीम इंडिया 29 जुलाई को इंग्लैंड चैंपियंस के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी, जहां ये सभी दिग्गज एक बार फिर से मैदान में जलवा बिखेरते नजर आएंगे।



