नई दिल्ली: टीम इंडिया (Team India) इस साल क्रिकेट की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक का सामना करने जा रही है। एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबलों के बाद भारतीय टीम का अगला पड़ाव होगा दक्षिण अफ्रीका। क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। चयन समिति के प्रमुख अजीत अगरकर और कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) पहले ही खिलाड़ियों के चयन की रूपरेखा तैयार करना शुरू कर चुके हैं।
14 नवंबर से टेस्ट सीरीज की शुरुआत
भारत और साउथ अफ्रीका (India vs South Africa 2025) के बीच भिड़ंत की शुरुआत टेस्ट सीरीज से होगी। पहला मुकाबला 14 से 18 नवंबर तक कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में आयोजित हो सकता है। लंबे समय बाद यह मैदान टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा। कप्तानी का भार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल (Shubman Gill) पर डाला जा सकता है, जबकि ऋषभ पंत उपकप्तान की भूमिका में नजर आ सकते हैं। इंग्लैंड दौरे पर उपकप्तानी का अनुभव हासिल करने वाले पंत को मुश्किल हालात में निर्णय लेने की क्षमता के लिए सराहा गया है।
वनडे में हिटमैन की वापसी
टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद वनडे मुकाबलों की बारी आएगी। पहला वनडे 30 नवंबर को रांची में खेला जाएगा, दूसरा 3 दिसंबर को और तीसरा 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम में होगा। वनडे सीरीज की कमान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) संभाल सकते हैं। टेस्ट से संन्यास लेने के बाद भी रोहित ने वनडे क्रिकेट जारी रखने की इच्छा जताई थी। फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद अब उनके कप्तान बनने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। उपकप्तान के तौर पर शुभमन गिल (Shubman Gill) को जिम्मेदारी मिल सकती है, जिन्हें रोहित का स्वाभाविक उत्तराधिकारी माना जा रहा है।
टी20 में सूर्या पर भरोसा
सीरीज का समापन टी20 मुकाबलों से होगा, जिसकी शुरुआत 9 दिसंबर से होगी। इस फॉर्मेट में सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को एक बार फिर कप्तानी सौंपी जा सकती है। उनकी अगुवाई में भारत ने 2024 में साउथ अफ्रीका को उन्हीं की सरजमीं पर मात दी थी। दिलचस्प बात यह है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अब तक भारत ने कोई टी20 सीरीज नहीं गंवाई है। गिल को इस फॉर्मेट में भी उपकप्तान बनाया जा सकता है, ताकि उन्हें भविष्य के कप्तान के रूप में तैयार किया जा सके।
संभावित भारतीय टीमें
- टेस्ट: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, हर्ष दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, तनुष कोटियान, मोहम्मद सिराज, आकाशदीप, मोहम्मद शमी।
- वनडे: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।
- टी20: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह।
- इसको भी पढ़ें: South Africa की ऐतिहासिक जीत के बाद Temba Bavuma का बड़ा खुलासा: ऑस्ट्रेलिया ने की स्लेजिंग की हद पार
भारत और साउथ अफ्रीका की यह सीरीज क्रिकेट फैंस के लिए रोमांच का बड़ा तोहफा साबित हो सकती है। गिल, पंत और सूर्या जैसे नए नेताओं के साथ टीम इंडिया का यह प्रयोग कितना सफल होता है, यह देखने वाली बात होगी।



